साथी ने डाला सोशल मीडिया पर पोस्ट तो मदद के लिए खाते में मिलने लगी राशि, जनप्रतिनिधि भी आगे आए
उज्जैन. खाचरौद थाने में पदस्थ पुलिसकर्मी को कैंसर से जिताने के लिए साथी पुलिसकर्मी की हुंकार पर पूरा प्रदेश एकजुट हो गया है। जैसे-जैसे लोगों को बीमारी के बारे में पता चला लोगों ने सामर्थ्य अनुसार राशि पुलिसकर्मी के खाते में डाली है। इसके अलावा विधायक, पूर्व विधायक ने सहयोग राशि प्रदान करने का आश्वासन दिया है।
राज्यपाल तक से मदद दिलाने के प्रयास शुरू हो चुके हैं। डीजी तक जानकारी पहुंच चुकी है। खाचरौद की सामाजिक संस्थाओं, व्यापारिक संगठन भी मदद को आगे आए हैं। जैन समाज ने संपूर्ण इलाज का खर्च वहन की बात कही है। 5 माह से लीव पर रहने से वेतन भी रुक गया था। इसे लेकर भी वरिष्ठ अधिकारियों ने फ्री हैंड कर दिया है।
डीजी तक पहुंची खबर
डीजी सुधीरकुमारसिंह सहित वरिष्ठों तक फतेहसिंह की बीमार की जानकारी पहुंच चुकी है। एसएसपी सत्येंद्रकुमार शुक्ल लगातार टीआई रवींद्र यादव से संपर्क में हैं। फतेहसिंह की बीमारी 50 प्रतिशत से अधिक फैल चुकी है। विधायक दिलीपसिंह गुर्जर, पूर्व विधायक दिलीपसिंह शेखावत ने सहयोग राशि दिलाने का आश्वासन दिया है। राज्यपाल से भी मदद दिलाने के प्रयास शुरू हो चुके हैं।
बीमारी के चलते हालत दयनीय
खाचरौद थाने में 2 साल से पदस्थ आरक्षक फतेहसिंह खराड़ी को मुंह का कैंसर हो गया है। बीमारी के चलते वे करीब 5 महीने से लीव पर होकर बेड रेस्ट है। लंबे समय तक बीमारी की बात फतेहसिंह ने उजागर नहीं की। जिससे उनकी बीमारी 50 प्रतिशत सेे ज्यादा फैल गई। ड्यूटी पर नहीं जाने की वजह से उनका वेतन भी रुक गया। जिससे उनके परिवार के सामने भी आर्थिक समस्या खड़ी हो चुकी है।
रविवार रात फतेहसिंह के सहकर्मी आरक्षक पूनमचंद्र कटारिया उनसे मिलने के लिए घर पहुंचे। यहां फतेहसिंह की खराब हालत ने उन्हें झकझोर दिया। पता चला कि फतेहसिंह को मुंह का कैंसर है। फतेहसिंह और इनके परिवार की दयनीय हालात देख पूनमचंद्र ने सोशल मीडिया के माध्यम से फतेहसिंह के इलाज के लिए मदद मांगी। सोशल मीडिया पर वीडियो तेजी से फैला कि प्रदेशभर के पुलिसकर्मियों व आम लोगों ने भी सामर्थ्य अनुसार फतेहसिंह के खाते में रुपए ट्रांसर्फर किए। 38 घंटे में ढाई से तीन लाख रुपए एकत्रित हो गए। पुलिसकर्मी का इलाज वडोदरा में चल रहा है।