
Unnao police encounter: उन्नाव में किन्नर को बंधक बना कर पिटाई करने और लाखों की लूट की घटना को अंजाम देने वाले आरोपियों के साथ पुलिस की मुठभेड़ हुई। देर रात हुई मुठभेड़ में दो लुटेरों को गोली लगी। पुलिस ने कुल तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। क्षेत्राधिकारी नगर ने मुठभेड़ के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मुखबिर की सूचना पर यह कार्रवाई की गई है। गिरफ्तारी के दौरान लुटेरों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में दो को गोली लगी। घटना गंगा घाट थाना क्षेत्र की हैं।
उत्तर प्रदेश के उन्नाव में बीते 6 अगस्त को गंगा थाना क्षेत्र के त्रिभुवन खेड़ा निवासी किन्नर वैशाली के घर लूट की बड़ी घटना हुई थी। जिसमें लुटेरों ने घर के पीछे से सीढ़ी लगाकर अंदर प्रवेश किया और वैशाली किन्नर को बंधक बना लिया। इस दौरान मारपीट भी की। घर की अलमारी को तोड़कर नगदी, जेवर, मोबाइल आदि लूट ले गए। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। खुलासे के लिए टीम को लगाई गई थी।
क्षेत्राधिकारी नगर विनीता सिंह ने घटना के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पुलिस को मुखबिर की सूचना मिली किन्नर के घर पर लूट करने वाले विकलांग गेट के पास खड़े हैं। सूचना मिलने पर गंगा घाट थाना पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम ने इलाके की घेराबंदी की। लुटेरों को गिरफ्तार करने का प्रयास किया गया। लेकिन इस बीच लूटेरों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो आरोपियों को गोली लगी। जिससे वह गिर पड़े। दोनों को घायल अवस्था में गिरफ्तार किया गया। जबकि तीसरे को पुलिस ने दौड़ा कर दबोच लिया।
सीओ सिटी ने बताया कि सईद उर्फ शोएब, शफीक उर्फ जग्गा और अली रजा उर्फ राजा को गिरफ्तार किया गया है। जिसमें शाहिद और शफीक गोली लगने से घायल है। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जिसके पास से लूट के 2 लाख 95 हजार रुपए नगद, 3 मोबाइल फोन, चोरी के गहने, 2 अवैध तमंचे और कारतूस बरामद किया गए हैं। आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।