वाराणसी

PM मोदी ने जिन सड़कों की तारीफ की, उनके जाते ही वे धंसने लगी

खुली विकास की कलई, प्रशासन हलकान। आज ही पीएम ने इन सड़कों की तारीफ के पुल बांधे थे।

2 min read
Sep 18, 2018
पीएम के जाते धंसी सड़क

वाराणसी. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार की सुबह वाराणसी में चल रहे विकास कार्यों की जमकर तारीफ की थी। कहा था कि चार सालों में बनारस की सूरत ही बहदल गई। लेकिन उनके जाते ही सड़क धंस गई। नतीजा आवागमन बाधित हो गया और रास्ते में जाम लग गया। इसकी सूचना लगते ही प्रशासनिक हल्के में हड़कंप मच गया।

लोगों का कहना है कि दरअसल प्रशासन ने सड़कों को युद्ध स्तर पर अभियान चला कर चमका तो दिया लेकिन गुणवत्ता का खयाल रखा ही नहीं। ऐसे में सड़क का धसना तो लाजमी है। पहले से ही सड़कें गड्ढों में तब्दील थीं उन्हें समतल किए बगैर ही बस कोरम पूरा कर दिया गया। चमका दी गई सड़कें। अब विपक्ष इसे मुद्दा बना कर शासन-प्रशासन पर हमलावर होने लगा है। यह मुद्दा गर्माने की आशंका बलवती हो गई है।

बता दें कि यह सड़क पांडेयपुर इलाके में धंसी है। वहां करीब 10 से 12 फीट का गड्ढा हो गया है। नतीजतन आवागमन बाधित हो गया है। क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि इस तरह की घटनाएं पांडेपुर इलाके में आम हो गई हैं। आए दिन गड्ढा होता रहता है। ट्रक तक धंस जाते हैं उन गड्ढ़ों में। आसपास की कालोनियों का भी यही हाल है।

बता दें कि एम्फी थिएटर के मैदान पर लोकार्पण और शिलान्यास के बाद पीएम नरेंद्र मोदी ने सवा चार साल की उपलब्धियां गिनाते हुए सड़कों का भी जिक्र किया था। कहा था कि अब बनारस की सड़कें चमकने लगी हैं जबकि चार साल पहले ये हाल नहीं था। यहां यह भी बता दें कि पीएम मोदी की पहल पर जनवरी 2019 में यहां अंतर्राष्ट्रीय प्रवासी सम्मेलन होना है और शहर को चमकाने का काम उसे देखते हुए ही किया जा रहा है। ऐसे में अब सवाल यह उठने लगा है कि दुनिया भर के लोग जब बनारस आएंगे उस वक्त अगर इस तरह की घटना हुई तो क्या होगा। ऐसे में यह मसला अब तूल पकडता नजर आने लगा है।

Published on:
18 Sept 2018 08:59 pm
Also Read
View All