शाकाहारी

डिनर में बनाएं पालक पनीर बिरयानी

आपने वेज बिरयानी या हैदराबादी बिरयानी तो कई बार खाई होगी, इस बार पालक पनीर बिरयानी ट्राय करें।

3 min read
Aug 04, 2018
palak paneer biryani

आपने वेज बिरयानी या हैदराबादी बिरयानी तो कई बार खाई होगी, इस बार पालक पनीर बिरयानी ट्राय करें। इसका टेस्ट काफी अलग होता है। बासमती चावल और ताजा पनीर के साथ बनी यह बिरयानी मेहमानों के सामने भी परोसी जा सकती है। यहां पढ़ें पालक पनीर बिरयानी की रेसिपी -

सामग्री -

ये भी पढ़ें

लौकी के गट्टे की सब्जी बनती है बहुत ही लाजवाब

पालक - 250 ग्राम (बारीक कटी हुई)
बासमती चावल - 1 कप (200 ग्राम)
टमाटर - 2 (150 ग्राम)
पनीर - 200 ग्राम
दही - ½ कप
तेल - 4-5 टेबल स्पून
हरा धनिया - 4-5 टेबल स्पून (बारीक कटा हुआ)
नमक - 1.5 छोटी चम्मच य स्वादानुसार
साबुत गरम मसाला - काली मिर्च 12, इलायची 3, लौंग 4, दालचीन 1 इंच टुकडा़,
हरी मिर्च - 2 (बारीक कटी हुई)
लाल मिर्च - 1/4 छोटी चमच
अदरक - 1 छोटी चम्मच
जीरा - ½ छोटी चम्मच
धनिया पाउडर - 1 छोटी चम्मच
हल्दी पाउडर - 1/4 छोटी चम्मच
घी - 2 छोटे चम्मच

विधि -

चावलों को साफ करके अच्छी तरह धो कर आधा घन्टे के लिए पानी में भिगो कर रख दीजिए।
आधा घंटे के बाद एक बड़े बरतन में 4-5 कप पानी डालकर उबलने के लिए रख दीजिए। पानी में उबाल आने पर इसमें भीगो कर रखे हुए चावल डाल दीजिए, साथ ही 2 छोटे चम्मच तेल और 3/4 छोटा चम्मच नमक डाल कर मिक्स कर दीजिए और चावलों को ढककर पकने दीजिए। चावलों को बीच में चैक करते रहें (चावलों को ९०त्न तक पकाएं इन्हें पूरी तरह से नहीं पकाना)। चावलों के पक जाने पर इन्हें छान लीजिए और अतिरिक्त पानी को हटा दीजिए, और थोड़ा ठंडा होने दीजिए।

टमाटर को बारीक काट लीजिए, पनीर को भी छोटे-छोटे आध इंच के चौकोर टुकड़ों में काट कर तैयार कर लीजिए।

पैन में तेल डाल कर गरम कीजिए, तेल के हल्का गरम होने पर पनीर के टुकड़े पैन में सिकने के लिए लगा दीजिए और दोनों ओर पलट-पलट कर हल्के ब्राउन होने तक सेक कर निकाल लीजिए। अब इस बचे तेल में जीरा, लौंग, काली मिर्च, इलाइची के दानों और दाल चीनी को डाल कर मसाले को हल्का सा भून लीजिए। अब हल्दी पाउडर, धनिया पाउडर, कटे हुए टमाटर के टुकड़े, कद्दूकस किया हुआ अदरक, कटी हुई हरी मिर्च, लाल मिर्च पाउडर डालकर थोड़ा सा भूनिए और ढककर के 3-4 मिनिट पकने दीजिए।

मसाले को चैक कीजिए, टमाटर नरम होने पर दही डालकर मिला दीजिए, मसाले में उबाल आने पर इसमें पनीर के टुकड़े डाल दीजिए और नमक डाल कर मिला दीजिए। अब इसमें पालक डालकर मिक्स करें और 2-3 मिनिट के लिए पका लीजिए। एक बडा़ बर्तन लीजिए इसमें चावलों को दम दिलवाएं। बर्तन के तले में 1-2 छोटी चम्मच घी डाल दीजिए और थोडी़ सी सब्जी डालकर फैला दीजिए। अब इसके ऊपर आधा चावल डालकर चावल की एक परत बिछा दीजिए, अब फिर से सब्जी को चावल के ऊपर डाल दीजिए और एक जैसा फैला कर चावलों को ढक दीजिए।

बचे हुए चावल सब्जी के ऊपर डालकर एक जैसा करके परत जमा दीजिए, अब बची हुई सब्जी को चावलों के ऊपर डाल दीजिए साथ ही हरा धनिया और 2-3 चम्मच घी के डाल दीजिए और अब बिरयानी का ढक्कन अच्छी तरह बन्द करके, धीमी गैस पर 15 मिनिट तक दम दीजिए।

गैस बंद कर दीजिए, बिरयानी बन कर तैयार है। बर्तन का ढक्कन खोलिए और बिरयानी को प्लेट में निकाल लीजिए। गरमा गरम पालक पनीर बिरयानी तैयार है, इसे हरे धनिए की पत्तियों से गार्निश कर दीजिए। स्वादिष्ट पालक पनीर बिरयानी को, दही, रायते, चटनी या अचार के साथ परोसिए और खाइए।

अगर आप भी खाना बनाने के शौकीन हैं और कुछ ऐसी डिशेज बनाते हैं जिन पर आपको हर बार तारीफें मिलती हैं तो अब हम आपको अपनी इस कला के प्रदर्शन के लिए प्लैटफॉर्म देने जा रहे हैं। आप अपनी खास रेसिपीज पत्रिका डॉट कॉम के साथ शेयर कर सकते हैं। कंमेंट बॉक्स में अपनी रेसिपी हमें लिख भेजें। आप अपनी रेसिपी का वीडियो भी हमारे साथ शेयर कर सकते हैं। चुनिंदा रेसिपीज को पत्रिका डॉट कॉम पर फीचर भी किया जाएगा। तो देर किस बात की, लिख भेजिए हमें अपनी स्पेशल रेसिपी।

ये भी पढ़ें

कैंसर से बचना चाहते हैं तो जरूर खाएं ये चीज
Also Read
View All