विदिशा

गुठान क्षेत्र में जल्द बनेगा कचरा ट्रांसफर स्टेशन प्लांट, शहर का कचरा फेंकेंगे यहां

प्रतिदिन एकत्रित हुआ कचरा बड़े वाहनों से ले जाया जाएगा सौंठिया ट्रीटमेंट प्लांट
2 min read
Aug 18, 2020
विदिशा। यहां गुठान क्षेत्र में फेंका जाएगा शहर का कचरा।
विदिशा। यहां गुठान क्षेत्र में फेंका जाएगा शहर का कचरा।

विदिशा। स्टेटहाइवे किनारे स्थित गुठान क्षेत्र में जल्द कचरा ट्रांसफर स्टेशन तैयार किया जाएगा। जहां रेलवे लाइन के इस तरफ के शहर के घर-घर से छोटे वाहनों से एकत्रित किया जाने वाला कचरा फेंका जाएगा। इसके बाद बड़े वाहनों से उसे सौंठिया स्थित ट्रीटमेंट प्लांट तक ले जाया जाएगा। इसी प्रकार लाइन के दूसरी तरफ भी ट्रांसफर स्टेशन के लिए जगह देखी जा रही है।

मालूम हो कि अभी शहर के प्रत्येक क्षेत्र से छोटे वाहनों से घर-घर जाकर कचरा लिया जाता है। वाहन फुल होने पर वाहन को सौंठिया स्थित ट्रीटमेंट प्लांट तक ले जाया जाता है। जहां कचरा फेंका जाता है। ऐसे में वाहन को वहां तक जाने-आने में करीब १५ से 20 किमी का लम्बा सफर तय करना पड़ता है। इस कारण प्रत्येक वार्ड के प्रत्येक मोहल्ले में कई बार वाहन नहीं पहुंच पाते या सभी घर तक नहीं पहुंच पाते। इस समस्या से छुटकारा पाने के लिए नपा गुठान क्षेत्र में शहर के लाइन इस तरफ के घरों का कचरा यहां फिंकवाने का मन बना रही है। फिर यहां से उक्त कचरे को बड़े वाहनों से सौंठिया स्थित ट्रीटमेंट प्लांट तक ले जाया जाएगा। इससे छोटे वाहन वार्ड में तीन से चार चक्कर लगा सकेंगे और सौंठिया ट्रीटमेंट प्लांट तक आने-जाने में लगने वाला समय भी बचेगा।

सडक़ पर ही फेंक जाते हैं कचरा
गुठान क्षेत्र में नपा ट्रांसफर स्टेशन प्लांट बनाने का अब प्लान बना रही है। लेकिन किलेअंदर क्षेत्र में घर-घर कचरा लेने आने वाले कुछ वाहन चालक गुठान क्षेत्र में पूर्व से ही कचरा फेंकते आ रहे हैं और कुछ वाहन चालक तो रामघाट मार्ग पर ही कचरा फेंक जाते हैं। इस कारण यहां हमेशा गंदगी फैली रहती है और प्रतिदिन नदी स्नान करने जाने वाले श्रद्धालु परेशान होते हैं। वहीं कचरे के ढेर से पॉलीथिन आदि आसपास के घरों में पहुंचती हैं और बदबू के कारण पहले ही यहां के लोगों का बुरा हाल है।

इनका कहना है
गुठान क्षेत्र में कचरे का कचरा ट्रांसफर स्टेशन प्लांट बारिश थमते ही करीब एक पखवाड़े में बना दिया जाएगा। जिससे घर-घर से छोटे वाहनों में आने वाला कचरा यहां फिंकवाया जाएगा और फिर उसी दिन उक्त कचरे को बड़े वाहनों से सौंठिया स्थित ट्रीटमेंट प्लांट तक ले जाया जाएगा। छोटे वाहनों के सौंठिया तक जाने-आने में काफी समय लगता है इस कारण यह व्यवस्था की जा रही है। इससे वार्डों में घर-घर कचरा लेने जाने वाले वाहनों के ट्रिप भी बढ़ जाएंगे।
- राजेश शर्मा, सफाई निरीक्षक, नपा, विदिशा

Updated on:
18 Aug 2020 06:28 pm
Published on:
18 Aug 2020 06:28 pm