
Ambassador Greer India visit: भारत और अमेरिका के बीच प्रस्तावित अंतरिम व्यापार समझौते (Interim Trade Agreement) को अंतिम रूप देने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति होने जा रही है। अमेरिका के व्यापार प्रतिनिधि जैमीसन ग्रीर (Jamieson Greer) जल्द ही भारत का दौरा करेंगे, जहां वह केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल के साथ उच्चस्तरीय वार्ता करेंगे।
इस बैठक का मुख्य उद्देश्य दोनों देशों के बीच व्यापारिक सहयोग को मजबूत करना और अंतरिम व्यापार समझौते पर चल रही चर्चाओं को आगे बढ़ाना होगा। यह समझौता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच फरवरी में हुई बातचीत के दौरान तय किया गया था।
सूत्रों के अनुसार, ग्रीर और गोयल भारत-अमेरिका संयुक्त बयान में शामिल प्रमुख व्यापारिक मुद्दों की समीक्षा करेंगे। साथ ही दोनों पक्ष अंतरिम व्यापार समझौते के विभिन्न पहलुओं पर विस्तृत चर्चा करेंगे, ताकि इसे जल्द से जल्द लागू किया जा सके। हाल ही में जी-7 शिखर सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी व्यापार समझौते को जल्द ही अंतिम रूप देने की प्रतिबद्धता दोहराई थी। इस दौरान ट्रंप ने मोदी को मजबूत और कुशल वार्ताकार बताते हुए उनकी बातचीत की क्षमता की सराहना की थी।
वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने 5 जून को संकेत दिया था कि भारत-अमेरिका द्विपक्षीय व्यापार समझौते (Bilateral Trade Agreement) का पहला चरण अगले महीने के मध्य तक लागू किया जा सकता है। अगर ऐसा होता है, तो दोनों देशों के बीच व्यापार और निवेश को नई गति मिलने की संभावना है। यह समझौता भारतीय निर्यातकों के लिए नया अवसर मन जा रहा है, वहीं अमेरिकी कंपनियों को भी भारतीय बाजार में बेहतर पहुंच मिल सकती है।
भारत दौरे के बाद जैमीसन ग्रीर उज्बेकिस्तान की यात्रा पर रवाना होंगे। वहां वह अमेरिका और उज्बेकिस्तान के बीच निष्पक्ष एवं संतुलित व्यापारिक संबंधों को लेकर चर्चा करेंगे। इस यात्रा का उद्देश्य क्षेत्रीय व्यापार सहयोग को बढ़ावा देना और आर्थिक साझेदारी को मजबूत करना है।
भारत और अमेरिका दुनिया की दो प्रमुख अर्थव्यवस्थाएं हैं। ऐसे में प्रस्तावित अंतरिम व्यापार समझौता न केवल दोनों देशों के आर्थिक संबंधों को मजबूत करेगा, बल्कि वैश्विक व्यापार परिदृश्य में भी महत्वपूर्ण प्रभाव डाल सकता है। आने वाले हफ्तों में होने वाली वार्ताएं इस समझौते की दिशा और भविष्य तय करने में अहम भूमिका निभाएंगी।