
Pub Fire: थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में सोमवार तड़के एक पब में लगी भीषण आग लग गई। इस हादसे में 27 लोगों की मौत हो गई, जबकि 63 लोग घायल हो गए। बताया जा रहा है कि 22 लोगों की हालत गंभीर है। यह हादसा उत्तरी बैंकॉक स्थित ना लाडफ्राओ (Na Ladprao) पब में हुआ है।
दरअसल, आग इतनी तेजी से फैली की लोगों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला। हादसे की सूचना मिलने के बाद मौके पर दमकल की टीम पहुंची और करीब 30 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया।
बैंकॉक के गवर्नर ने बताया कि आग कुछ ही मिनटों में छत तक फैल गई थी। उनके अनुसार, ज्यादातर लोगों की मौत धुएं के कारण दम घुटने से हुई। उन्होंने कहा कि घटनास्थल पर कई शव फायर एग्जिट के पास मिले हैं। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि आपातकालीन निकास मार्ग किसी वजह से बाधित था, जिससे लोग बाहर नहीं निकल सके।
हादसे के बाद थाईलैंड के पीएम अनुतिन चार्नवीराकुल ने घटनास्थल का दौरा किया। उन्होंने कहा कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। पीएम के मुताबिक, पब में प्रस्तुति दे रहे एक संगीतकार ने बताया कि मंच के पास लगे सर्किट ब्रेकर से धुआं निकलता दिखाई दिया। इसके कुछ ही देर बाद बिजली चली गई, फिर जोरदार धमाका हुआ और देखते ही देखते पूरा पब घने धुएं से भर गया। उन्होंने यह भी बताया कि कई मृतक पब के पिछले हिस्से में बने शौचालयों के पास मिले हैं।
हादसे के बाद सोशल मीडिया पर कई वीडियो सामने आए हैं, जिनमें पब के प्रवेश द्वार से ऊंची लपटें और काला धुआं निकलता दिखाई दे रहा है। वीडियो में लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आ रहे हैं। आग बुझने के बाद की तस्वीरों में पब का अंदरूनी हिस्सा पूरी तरह जलकर खाक दिखाई दिया। फर्नीचर, छत और अन्य सामान बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
फिलहाल पुलिस और फॉरेंसिंक टीम आग लगने के कारणों की जांच कर रही है। अधिकारी यह भी पता लगा रहे हैं कि कहीं सुरक्षा मानकों में लापरवाही या फायर सेफ्टी नियमों के उल्लंघन की वजह से इतनी बड़ी जनहानि तो नहीं हुई।