
शादी का अवसर एक ख़ुशी का मौका होता है। इस मौके पर सभी लोग हंसी-ख़ुशी का माहौल बनाए रखते हुए मज़े लेते हैं। सिर्फ दूल्हा और दुल्हन ही नहीं, मेहमान भी शादी में खूब मज़े लेते हैं। शादी के दौरान खाने-पीने के साथ-साथ रस्मों का भी सभी जमकर मज़ा लेते हैं। साथ ही शादी के दौरान नाच-गाने का भी एक अलग ही उत्साह होता है और घरवालों के साथ ही मेहमान भी इसमें शामिल होते हैं। पर कई बार शादी के उत्साह में लोग कुछ ऐसा कर देते हैं जिससे पूरा माहौल ख़राब हो जाता है। ऐसा ही कुछ हुआ इटली (Italy) की एक शादी में जहाँ दूल्हा-दुल्हन और मेहमानों का जोश उनपर भारी पड़ जाता है।
डांस की वजह से टूटा फ्लोर
इटली में टस्कनी (Tuscany) क्षेत्र के पिस्तोइया (Pistoia) शहर में पाओलो मुगनैनी (Paolo Mugnaini) और उसकी पत्नी वैलेरिया यबार्रा (Valeria Ybarra), जिनकी नई शादी हुई है, ने एक पुरानी बिल्डिंग में अपनी शादी का रिसेप्शन दिया। यह बिल्डिंग 15वीं शताब्दी में कॉन्वेंट हुआ करता था। दोनों ने शादी के रिसेप्शन में करीब 150 लोगों को बुलाया था। दूल्हा-दुल्हन समेत कई मेहमान शादी के उत्साह में जमकर डांस कर रहे थे। पर अचानक से कुछ ऐसा हुआ कि सभी के होश उड गए। डांस की वजह से फ्लोर में छेद हो गया और सभी लोग 25 फीट नीचे गिर गए। फ्लोर के गिरने से मलबा भी हो गया और कुछ लोग उसके नीचे दब गए।
30 से ज़्यादा लोगों को कराया अस्पताल में भर्ती
मलबे के नीचे फंसे सभी लोगों को निकाल लिया गया। 30 से ज़्यादा लोगों को इस हादसे में चोट लगी, जिनमें दूल्हा-दुल्हन भी शामिल हैं। सभी को पिस्तोइया शहर के सैन जकोपो अस्पताल में भर्ती कराया गया। 6 लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। 10 लोगों को चोट तो आई हैं पर ज़्यादा नहीं। बाकी लोगों को मामूली चोट आई है।