विदेश

DeepSeek पर अमेरिका के बैन से भड़का चीन, कहा- ट्रंप-जिनपिंग की सहमति के बावजूद पाबंदी लगाना गलत, अब तनाव बढ़ेंगे

अमेरिका के सरकारी IT सिस्टम में DeepSeek पर प्रतिबंध लगाने से चीन नाराज है। चीन ने ट्रंप और जिनपिंग के बीच बनी सहमति का हवाला देते हुए अमेरिका से बैन हटाने की मांग की।
2 min read
• •
Oct 20, 2026
trump jinping
डोनाल्ड ट्रंप और शी जिनपिंग। (फोटो- IANS)

कुछ ही दिनों पहले अमेरिका में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उनके समकक्ष चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग की मुलाकात हुई थी। उस वक्त कई मुद्दों पर चर्चा के बाद दोनों देशों के कई विवाद थम गए थे। लेकिन अब अमेरिका और चीन के बीच आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) को लेकर तनाव एक बार फिर बढ़ता दिखाई दे रहा है।

चीन ने जताई नाराजगी

दरअसल, अमेरिकी सरकारी एजेंसियों के आईटी सिस्टम से चीनी एआई मॉडल 'DeepSeek' को हटाने या उसके इस्तेमाल पर रोक लगाने के फैसले पर चीन ने कड़ी नाराजगी जताई है।

चीन ने कहा है कि अमेरिका का यह कदम दोनों देशों के नेताओं के बीच बनी अहम सहमति के खिलाफ है। इससे चीनी कंपनियों के हितों को नुकसान पहुंचेगा और दोनों देशों के बीच सामान्य व्यापारिक सहयोग भी प्रभावित होगा।

चीन के वाणिज्य मंत्रालय ने मंगलवार को इस फैसले पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए अमेरिका से प्रतिबंधों को तुरंत वापस लेने की मांग की। मंत्रालय ने कहा कि चीन इस कदम से असंतुष्ट है और इसका मजबूती से विरोध करता है।

अमेरिकी फैसले से क्यों नाराज है चीन?

चीन का कहना है कि इस तरह की पाबंदियां सामान्य व्यावसायिक गतिविधियों में दखल देती हैं। इससे चीनी कंपनियों के लिए अमेरिकी बाजार में काम करने और अपने उत्पादों को आगे बढ़ाने में मुश्किलें पैदा हो सकती हैं।

मंत्रालय ने अपने बयान में अमेरिका से गलत कदमों को तुरंत सुधारने और भेदभावपूर्ण पाबंदियों को खत्म करने की अपील की। चीन ने यह भी स्पष्ट किया कि वह इस फैसले को स्वीकार नहीं करता।

ट्रंप और जिनपिंग के बीच बनी सहमति का दिया हवाला

चीन ने अमेरिकी फैसले पर सवाल भी उठाया। उसने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के बीच बनी सहमति का जिक्र किया। चीनी वाणिज्य मंत्रालय ने बताया कि DeepSeek पर रोक लगाने का फैसला दोनों देशों के नेताओं के बीच बनी अहम सहमति की भावना के खिलाफ है।

चीन ने खुलकर कहा कि दोनों देश अपने संबंधों को बेहतर बनाने और व्यापारिक सहयोग को सामान्य रखने की बात कर रहे हैं, ऐसे में इस तरह की पाबंदियां तनाव बढ़ा सकती हैं।

हालांकि, मंत्रालय के बयान में यह स्पष्ट नहीं किया गया कि नेताओं के बीच हुई किस खास सहमति का उल्लंघन हुआ है। फिलहाल चीन ने अमेरिका से अपने फैसले पर दोबारा विचार करने और प्रतिबंध हटाने की मांग की है।

क्या है DeepSeek?

DeepSeek चीन का एक AI मॉडल है। आज कल यह दुनिया भर के तकनीकी बाजार में काफी चर्चा बटोर रहा है। यह उन एआई टूल्स में शामिल है, जिनका इस्तेमाल सवालों के जवाब पाने, जानकारी का एनालिसिस करने और कई तरह के डिजिटल कामों में किया जा सकता है।

Updated on:
20 Oct 2026 07:55 pm
Published on:
20 Oct 2026 07:55 pm