
Donald Trump Unveils Air Force One: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) ने शुक्रवार को कतर की ओर से गिफ्ट में मिले Boeing 747 विमान का उद्घाटन किया। मैरीलैंड के जॉइंट बेस एंड्रयूज में आयोजित विशेष समारोह के दौरान ट्रंप ने इस विमान को उड़ता हुआ व्हाइट हाउस (White House) बताया और कहा कि यह दुनिया के सबसे आधुनिक, सुरक्षित और शानदार विमानों में से एक है। ट्रंप ने दावा किया कि इस विमान की तकनीकी क्षमता, सुरक्षा व्यवस्था और लग्जरी सुविधाएं इसे अब तक के सबसे उन्नत राष्ट्रपति विमानों में शामिल करती हैं।
समारोह को संबोधित करते हुए ट्रंप ने कहा कि कई विशेषज्ञों का मानना था कि इतने कम समय में इस परियोजना को पूरा करना संभव नहीं होगा। लेकिन अमेरिकी इंजीनियरों और डिजाइनरों ने महज 10 महीनों में इस विमान को तैयार कर असंभव को संभव बना दिया। उन्होंने कहा, यह सिर्फ एक विमान नहीं, बल्कि एक उड़ता हुआ व्हाइट हाउस है।
ट्रंप के अनुसार नया Boeing 747 मौजूदा राष्ट्रपति विमानों की तुलना में अधिक दूरी तय कर सकता है, ज्यादा तेज गति से उड़ान भर सकता है और अत्याधुनिक तकनीकों से लैस है। उन्होंने कहा कि विमान की क्षमता, प्रदर्शन और डिजाइन इसे एक नई पहचान देते हैं। यह भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है।
कतर से मिले इस लग्जरी विमान की अनुमानित कीमत करीब 400 मिलियन डॉलर (लगभग 3,300 करोड़ रुपये) बताई गई थी। इसी वजह से पिछले साल यह विमान अमेरिका में चर्चा और विवाद का विषय बन गया था। कई कानूनी और नैतिक विशेषज्ञों ने विदेशी सरकार से इतने महंगे उपहार को स्वीकार करने पर सवाल उठाए थे। हालांकि ट्रंप ने उस समय भी इस प्रस्ताव का समर्थन करते हुए कहा था कि ऐसे अवसर को ठुकराना समझदारी नहीं होती।
अनावरण समारोह के दौरान ट्रंप ने कतर के अमीर का धन्यवाद किया। उन्होंने विमान का निरीक्षण किया और उसके आलीशान इंटीरियर, आधुनिक कमांड सेंटर, हाईटेक सुरक्षा प्रणाली और उन्नत संचार सुविधाओं की सराहना की।
अमेरिकी वायुसेना ने पुष्टि की है कि VC-25B Bridge नामक इस विमान को आधिकारिक तौर पर प्रेसिडेंशियल एयरलिफ्ट ग्रुप में शामिल कर लिया गया है। हालांकि विमान को पूरी तरह राष्ट्रपति सेवा में शामिल करने से पहले कई उड़ान परीक्षणों और तकनीकी मूल्यांकन प्रक्रियाओं से गुजरना होगा। वायुसेना के अनुसार विमान को नया लाल, सफेद और नीला रंग दिया गया है। इसके अलावा राष्ट्रपति की सुरक्षा और संचार जरूरतों को ध्यान में रखते हुए सभी जरूरी सरकारी काम भी पूरे कर लिए गए हैं।
वायुसेना के मुताबिक आने वाले महीनों में विमान के कई महत्वपूर्ण उड़ान परीक्षण किए जाएंगे। इन परीक्षणों के दौरान इसकी सुरक्षा, मिशन क्षमता और परिचालन तैयारियों का आकलन किया जाएगा। सभी परीक्षण सफल रहने के बाद यह विमान मौजूदा VC-25A और C-32 राष्ट्रपति विमानों के साथ सक्रिय सेवा में शामिल हो जाएगा।