Russia-Ukraine War: रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध अभी भी जारी है और इसके जल्द रुकने के कोई आसार नज़र नहीं आ रहे। हाल ही में यूक्रेन की मदद के लिए यूरोपीय यूनियन ने एक बड़ा फैसला लिया है।
रूस (Russia) और यूक्रेन (Ukraine) के बीच 24 फरवरी 2022 को शुरू हुआ युद्ध अभी भी जारी है और इसके जल्द रुकने के कोई आसार नज़र नहीं आ रहे। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन (Vladimir Putin) यूक्रेन पर कब्ज़ा करना चाहते थे और इसी वजह से उनके आदेश पर यूक्रेन पर हमला किया गया था पर इसमें अब तक उन्हें कामयाबी नहीं मिली है। रूस ने यूक्रेन में काफी तबाही मचाई है और जान-माल का नुकसान भी किया है, पर रूस की सेना को भी इस युद्ध में काफी नुकसान हुआ है। यूक्रेन को इंटरनेशनल सपोर्ट भी लगातार मिल रहा है और इस वजह से यूक्रेनी सेना डटकर रूसी सेना का सामना कर रही है। इतना ही नहीं, यूक्रेन की सेना ने रूस की सेना को अपने कई इलाकों से खदेड़ भी दिया है। यूक्रेन को अलग-अलग देशों से मदद मिल रही है और अब हाल ही में यूरोपीय यूनियन (European Union -EU) भी यूक्रेन की मदद के लिए आगे आया है।
यूरोपीय यूनियन देगा 45,000 करोड़ की सैन्य सहायता
यूरोपीय यूनियन ने हाल ही में एक बड़ा फैसला लिया है। रूस के खिलाफ युद्ध में यूक्रेन की मदद के लिए यूरोपीय यूनियन ने 5 बिलियन यूरो की सैन्य सहायता देने का फैंसला लिया है, जिसकी भारतीय करेंसी में वैल्यू 45,000 करोड़ से भी ज़्यादा होगी। यूक्रेन को यह सैन्य सहायता जल्द ही उपलब्ध कराई जाएगी।
अमेरिका की तरफ से सहायता में कमी होने पर यूरोपीय देशों ने बढ़ाई मदद
अमेरिका (United States Of America) शुरू से ही यूक्रेन की मदद करने में सबसे आगे रहा है। पर पिछले कुछ महीनों में इसमें कमी आई है। हाल ही में अमेरिका ने पिछले कुछ महीनों में पहली बार यूक्रेन की मदद के लिए 300 मिलियन डॉलर्स की सैन्य सहायता का ऐलान किया था। रिपब्लिक पार्टी के कई सांसद नहीं चाहते कि यूक्रेन की मदद के लिए अमेरिकी राशि का इस्तेमाल हो और इसी वजह से यूक्रेन की सहायता के लिए बिलों को मंज़ूरी नहीं मिल रही है। ऐसे में यूरोपीय यूनियन के साथ ही यूरोप के कुछ देशों ने यूक्रेन की मदद बढ़ा दी है, जिससे युद्ध में यूक्रेन कमज़ोर न पड़े।
यह भी पढ़ें- इज़रायली सेना को मिली एक और कामयाबी, हमास के कमांडर मुहम्मद अबू हसना को किया ढेर