
भारी बारिश इस समय कई देशों में एक बड़ी समस्या बनी हुई है। इन देशों में अफगानिस्तान (Afghanistan ) का नाम भी शामिल है। अफगानिस्तान में भारी बारिश की वजह से लोगों के हाल बेहाल हैं। अफगानिस्तान में भारी बारिश की वजह से पूर्वी अफगानिस्तान के नुरिस्तान प्रांत में सोमवार को अचानक बाढ़ (Flash Floods) आ गई जिससे हाहाकार मच गया।
अफगानिस्तान के नुरिस्तान प्रांत में अचानक आई बाढ़ की वजह से 20 लोगों की मौत हो गई है। अफगानिस्तान नेशनल डिज़ास्टर मैनेजमेंट अथॉरिटी ने इस बात की पुष्टि की है। मरने वालों का आंकड़ा बढ़ने की भी आशंका जताई जा रही है।
बाढ़ की वजह से 80 लोग घायल हो गए हैं। इनमें से कई घायलों को नज़दीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहाँ उनका इलाज चल रहा है। वहीँ 100 से ज़्यादा लोग लापता हो गए हैं। लापता लोगों की तलाश के लिए सर्च एंड रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा है।
बाढ़ की वजह से प्रभावित क्षेत्र में काफी नुकसान हुआ है। अफगानिस्तान नेशनल डिज़ास्टर मैनेजमेंट अथॉरिटी के अधिकारी ने बताया कि जांच और नुकसान का आकलन पूरा होने के बाद हताहतों और संपत्ति के नुकसान के शुरुआती आंकड़े जारी किए जाएंगे। नुरिस्तान की राजधानी पारुन सबसे ज़्यादा प्रभावित इलाका है, जहाँ बाढ़ से कई घर और बुनियादी ढांचे की सुविधाएं क्षतिग्रस्त हो गईं। कई घर पूरी तरह तबाह हो गए, तो कई घरों को आंशिक नुकसान पहुंचा है। फसलें तबाह हो गई, सड़कों पर पानी भर गया और लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई परिवार इस वजह से प्रभावित हुए हैं। जगह-जगह मलबा जमा हो गया है, जिसे हटाने का काम भी चल रहा है।
अफगानिस्तान दुनिया के सबसे ज़्यादा आपदा प्रभावित देशों में से एक है। अफगानिस्तान में हर साल प्राकृतिक आपदाओं के कई मामले देखने को मिलते हैं, जिनमें अचानक बाढ़, लैंडस्लाइड, सूखा, भूकंप जैसी आपदाएं बार-बार देखने को मिलती हैं। इन आपदाओं की वजह से हर साल कई लोग अपनी जान गंवा देते हैं। कई परिवार इस वजह से विस्थापित हो जाते हैं। प्राकृतिक आपदाओं की वजह से अफगानिस्तान को हर साल भारी आर्थिक नुकसान होता है।