विदेश

ग्रीस में सत्तारूढ़ पार्टी से जुड़े नेताओं के घरों पर फायरबॉम्ब हमला, सांसद उम्मीदवार समेत 5 घायल

ग्रीस के थेसालोनिकी में सत्तारूढ़ न्यू डेमोक्रेसी पार्टी से जुड़े नेताओं के घरों पर फायरबॉम्ब हमला हुआ। हमले में एक संसदीय उम्मीदवार, उनकी मां समेत 5 लोग घायल हो गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
2 min read
Jul 01, 2026
Greece Firebomb Attack
Greece Firebomb Attack (AI Image)

Greece Firebomb Attack: ग्रीस के उत्तरी शहर थेसालोनिकी में बुधवार तड़के सत्तारूढ़ पार्टी न्यू डेमोक्रेसी से जुड़े तीन रिहायशी भवनों के बाहर अज्ञात हमलावरों ने फायरबॉम्ब से हमला कर दिया। इस हमले में पार्टी की एक संसदीय उम्मीदवार और उनकी मां समेत 5 लोग घायल हो गए। पुलिस के मुताबिक, हमलावरों ने सुबह करीब 5 बजे से पहले गैस कैनिस्टर में आग लगाकर इमारतों के बाहर फेंके। फिलहाल किसी संगठन ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है।

तीन जगहों को बनाया गया निशाना

पुलिस के अनुसार, तीनों हमले थेसालोनिकी में अलग-अलग रिहायशी इमारतों के बाहर हुए। पहले दो हमलों में विस्फोट तो हुए लेकिन सिर्फ संपत्ति को नुकसान पहुंचा। इन दोनों इमारतों में न्यू डेमोक्रेसी पार्टी से जुड़े लोगों के फ्लैट हैं। तीसरे हमले में हालात ज्यादा गंभीर रहे। इस दौरान कई कारों और मोटरसाइकिलों में आग लग गई। पुलिस के मुताबिक जली हुई कारों में से एक कार सत्तारूढ़ पार्टी की एक संसदीय उम्मीदवार की थी।

सांसद उम्मीदवार और उनकी मां झुलसीं

पुलिस ने बताया कि हमले में संसदीय उम्मीदवार झुलस गईं। उनकी मां भी गंभीर रूप से झुलस गईं और उन्हें आईसीयू में भर्ती कराया गया है।इसके अलावा उसी इमारत में रहने वाले तीन अन्य लोगों को धुएं की वजह से सांस लेने में दिक्कत हुई, जिसके बाद उन्हें भी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

किसी ने नहीं ली हमले की जिम्मेदारी

हमले के बाद अभी तक किसी संगठन ने इसकी जिम्मेदारी नहीं ली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और हमलावरों की तलाश जारी है।

सरकार ने की हमले की निंदा

न्यू डेमोक्रेसी पार्टी की राजनीतिक समिति के सचिव कोन्स्टान्टिनोस किरानाकिस ने हमले की कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा कि पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं को इस तरह डराया नहीं जा सकता। उनका दावा है कि यह सिर्फ तोड़फोड़ नहीं, बल्कि पार्टी से जुड़े लोगों के घरों पर किया गया एक आतंकी हमला था और हमलावर लोगों की जान लेना चाहते थे।

पहले भी हो चुके हैं ऐसे हमले

ग्रीस में पिछले कई दशकों से राजनेताओं, पुलिस अधिकारियों और सरकारी संस्थानों से जुड़े लोगों को निशाना बनाकर बम और आगजनी की घटनाएं होती रही हैं। हालांकि हाल के वर्षों में ऐसे ज्यादातर मामलों में केवल संपत्ति को नुकसान हुआ है और लोगों के घायल होने की घटनाएं कम देखने को मिली हैं।

जुलाई 2025 में भी थेसालोनिकी में जेल कर्मचारियों के संगठन के अध्यक्ष के घर के बाहर बम धमाका हुआ था। वहीं, जून 2024 में राजधानी एथेंस में एक वरिष्ठ न्यायाधीश के घर के बाहर पेट्रोल बम से हुए हमले में एक पुलिसकर्मी घायल हो गया था।

Updated on:
01 Jul 2026 07:22 pm
Published on:
01 Jul 2026 05:33 pm