विदेश

यमन के ताइज़ प्रांत में हूती विद्रोहियों का हमला, मारे गए 5 नागरिक

Houthis-Yemen Army Conflict: हूती विद्रोहियों ने यमन के ताइज़ प्रांत में हमला कर दिया है। इस हमले में 5 नागरिकों की मौत हो गई है।
2 min read
• •
Oct 13, 2026
Houthi Rebel
हूती विद्रोही (Photo - ANI)

यमन (Yemen) में चल रही जंग तेज़ होती जा रही है। हूती विद्रोही जहाँ सरकार के नियंत्रण वाले इलाकों पर हमले कर रहे हैं, तो वहीँ यमन की सेना हूतियों के कब्ज़े वाले इलाकों को निशाना बना रही है। इस जंग का असर निर्दोष लोगों पर भी पड़ रहा है क्योंकि उन्हें इसकी कीमत अपनी जान देकर चुकानी पड़ रही है। आज हूती विद्रोहियों ने यमन के ताइज़ प्रांत में हमला करते हुए निर्दोष नागरिकों को निशाना बनाया।

मारे गए 5 नागरिक

सरकारी यमन टीवी चैनल के अनुसार ताइज़ प्रांत के मानवाधिकार कार्यालय ने बताया है कि ताइज़ प्रांत में हूती विद्रोहियों की गोलाबारी में 5 नागरिक मारे गए। मारे गए लोगों में एक पांच साल की बच्ची भी शामिल थी।

कई लोग घायल

हूती विद्रोहियों की गोलीबारी में कई लोग घायल हो गए, जिसकी जानकारी ताइज़ प्रांत के मानवाधिकार कार्यालय ने दी। घायलों को नज़दीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उनका इलाज चल रहा है।

निर्दोष लोग परेशान, घर छोड़ने को हुए मजबूर

हूती विद्रोहियों और यमन की सेना के बीच चल रही इस जंग से ताइज़ प्रांत काफी ज़्यादा प्रभावित है और इसकी राजधानी ताइज़ शहर से तो कई लोग अपने घर छोड़कर भागने के लिए मजबूर हो गए हैं। ताइज़ देश का तीसरा सबसे बड़ा शहर है लेकिन पूरे प्रांत में ही स्थिति काफी गंभीर होने की वजह से लोग निराशा और डर के माहौल में जीने के लिए मजबूर हो गए थे और ऐसे में उन्होंने इसे छोड़कर किसी सुरक्षित जगह पर जाना ही बेहतर समझा।

2014 से जारी है संघर्ष

यमन में 2014 के आखिर में संघर्ष शुरू हुआ था और हूतियों ने सना और उत्तरी यमन के बड़े हिस्से पर कब्ज़ा कर लिया। इसके बाद सऊदी अरब के नेतृत्व वाले गठबंधन ने मार्च 2015 में अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त सरकार के समर्थन में दखल दिया। तभी से सऊदी अरब और हूतियों के बीच तनाव की स्थिति पैदा हो गई और दोनों ही एक-दूसरे के खिलाफ हो गए। हूतियों को ईरान (Iran) का समर्थन प्राप्त है तो वहीँ यमन की सरकारी सेना को सऊदी अरब का समर्थन प्राप्त है। इस वजह से हूतियों और यमन की सेना के बीच भी जंग जारी है।

Updated on:
13 Oct 2026 06:10 pm
Published on:
13 Oct 2026 05:51 pm