
अमेरिका (United States of America) में राष्ट्रपति के आधिकारिक आवास व्हाइट हाउस (White House) में एआई यानी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI - Artificial Intelligence) के एडवाइज़र के पद पर काम करने वाले भारतवंशी श्रीराम कृष्णन (Sriram Krishnan) ने इस्तीफा देने का फैसला लिया है। वह जून के अंत में अपना पद छोड़ने वाले हैं, जिसकी जानकारी उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए दी। कृष्णन ने यह भी लिखा कि अमेरिकी जनता की सेवा करना उनके लिए कितना बड़ा सौभाग्य रहा है, इसे शब्दों में व्यक्त करना मुश्किल है और यह अवसर मिलने के लिए वह बेहद आभारी हैं।
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) के लिए कृष्णन ने लिखा, "राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के नेतृत्व में काम करना मेरे लिए सम्मान की बात रही है। उनके नेतृत्व के बिना हम एआई की दौड़ में अग्रणी नहीं होते।"
कृष्णन ने अपने सहकर्मी David Sacks का भी आभारी जताया जिसके साथ उन्होंने पिछले 18 महीनों में सबसे करीब से काम किया है। कृष्णन ने लिखा कि एआई के क्षेत्र में अमेरिका की जीत के लिए डेविड का निरंतर समर्थन महत्वपूर्ण रहा है और आगे भी रहेगा।
कृष्णन ने पिछले साल की कुछ ऐसी उपलब्धियाँ गिनाईं, जिन पर उन्हें गर्व हैं। आइए उन उपलब्धियों कर नज़र डालते हैं।
1. अमेरिकन एआई एक्शन प्लान बनाना और उसे पब्लिश करना - एआई के क्षेत्र में अमेरिका की जीत का रास्ता तय करना और पिछले साल इसे लागू करने में मदद करना।
2. अमेरिकन एआई स्टैक को ग्लोबल स्तर पर सफल बनाने के लिए एआई में तेज़ी लाने वाली पार्टनरशिप।
3. आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के लिए नेशनल एआई पॉलिसी फ्रेमवर्क का एग्ज़ीक्यूटिव ऑर्डर (जो इस साल 'हिल' यानी कांग्रेस के साथ काम करने का आधार बनेगा)।
4. दुनिया भर में अपने सहयोगियों के साथ अमेरिकन एआई स्टैक की वकालत करना (फ्रांस और भारत में एआई समिट, यूके, मिडिल ईस्ट और अन्य जगहों की सरकारी यात्राएं)।
कृष्णन ने अपनी पोस्ट में आगे लिखा, "पिछले 18 महीनों ने मुझे अमेरिका और हमारे सहयोगियों के सामने एआई से जुड़े इस अहम मोड़ को बहुत करीब से देखने का मौका दिया है। चाहे ऊर्जा हो, डेटा सेंटर हों या अमेरिकियों के लिए एआई के फायदों का अनुभव करने का स्पष्ट रास्ता हो, कई मुश्किल मुद्दे हैं जिनसे हमें मिलकर निपटना है। मैं ऐसी संस्थाएं बनाने का प्लान बना रहा हूं जो अमेरिका और उसके सहयोगियों के लिए इन चुनौतियों से निपटने में मदद करें।"
कृष्णन ने अपनी पोस्ट में कई लोगों को धन्यवाद भी दिया। इन लोगों में जेडी वेंस (JD Vance), मार्को रुबियो (Marco Rubio), हॉवर्ड लुटनिक (Howard Lutnick), स्कॉट बेसेंट (Scott Bessent), एलन मस्क (Elon Musk) जैसे लोग शामिल हैं। इसके अलावा उन्हीने अपनी पत्नी आरती रामामूर्ति (Aarthi Ramamurthy) को खास धन्यवाद देते हुए बताया कि आरती ने हर चीज़ में उनका साथ दिया और पिछले जनवरी से शुरू हुए इस अप्रत्याशित लेकिन शानदार सफर का हिस्सा बनीं। उनके बिना यह सब मुमकिन नहीं हो पाता। कृष्णन ने इस सफर को अपने जीवन भर का एक खास अनुभव बताया और कहा कि इसने उन्हें दिखाया है कि यह देश कितना खास है और इसे सभी के योगदान की कितनी ज़रूरत है और वह आगे भी ऐसा ही करते रहेंगे।