
अमेरिका (United States of America) से बढ़ते तनाव के बीच ईरान (Iran) बदला लेने के लिए जवाबी कार्रवाई के तौर पर मिडिल ईस्ट के देशों पर हमले कर रहा है, जिससे क्षेत्रीय शांति और स्थिरता पर गंभीर संकट मंडरा रहा है। अब एक बार फिर ईरान ने बहरीन (Bahrain) को निशाना बनाया है और रात को ही ड्रोन्स और मिसाइलों से हमला करते हुए बहरीन को दहला दिया।
बहरीन पर ईरानी हमले से हाहाकार मच गया है। ईरानी ड्रोन्स और मिसाइलें बहरीन में अलग-अलग जगहों पर दागीं गई हैं। कुछ इमारतों से ड्रोन्स के टकराने से आग लगने के मामले भी सामने आए हैं।
ईरानी हमले का सामना करने के लिए बहरीन में एयर डिफेंस सिस्टम्स एक्टिव हो गए हैं। ईरानी मिसाइलों और ड्रोन्स को इंटरसेप्ट करने की पूरी कोशिश की जा रही है।
ईरानी हमले के बाद बहरीन में कई जगह खतरे के सायरन बज रहे हैं। ऐसे में बहरीन सरकार के गृह मंत्रालय ने लोगों से शांत रहने और सुरक्षित स्थान पर जाने की अपील की है।
मिडिल ईस्ट में बहरीन को अमेरिका के सहयोगी देशों में से एक माना जाता है। बहरीन में अमेरिका के कई सैन्य ठिकाने और सैनिक तैनात हैं, जिनका इस्तेमाल ईरान पर हमले के लिए किया जाता है। इसी वजह से अमेरिका के हमलों का जवाब देने के लिए ईरान की तरफ से बहरीन पर हमले किए जाते हैं।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) ने एक बार फिर ईरान को घातक हमले की धमकी दी है। पत्रकारों से बातचीत करते हुए अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि उनकी सेना जल्द ही ईरान के उस इलाके पर हमला करेगी, जहाँ परमाणु सेंट्रीफ्यूज होने की चर्चा है। ट्रंप ने कहा, "शायद बहुत जल्द अमेरिका, ईरान के उस ठिकाने पर हमला करेगा।" जब एक पत्रकार ने ट्रंप से सवाल किया कि क्या ईरान ने अपने सेंट्रीफ्यूज नतांज़ इलाके में पिकएक्स पर्वत पर पहुंचा दिए हैं, तो अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा, "वो इसके बारे में कुछ नहीं कर सकते। आम तौर पर मैं ऐसा नहीं कहता। अगर मुझे लगता कि वो इसके बारे में कुछ कर सकते हैं, तो मैं कभी ऐसा नहीं कहता, लेकिन हम बहुत जल्द उस इलाके पर हमला करेंगे, और यह एक घातक हमला होगा।"