विदेश

‘अब हमारे पास पहले से कहीं ज्यादा खतरनाक हथियार’, ईरान का बड़ा दावा, अमेरिका को दे डाली एक और चेतावनी

Iran US conflict warning: ईरान के आईआरजीसी प्रवक्ता हुसैन मोहेब्बी ने दावा किया कि 40 दिन की जंग के बाद देश के पास और आधुनिक हथियार आ गए हैं। साथ ही ईरान ने अमेरिका को नई जंग की चेतावनी दी है।
2 min read
• •
Oct 14, 2026
iran-us latest update
ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान। (सोर्स-आईएएनएस)

ईरान और अमेरिका के बीच फिलहाल तनाव कम होने की उम्मीद नहीं दिख रही है। ईरान ने अमेरिका को एक और चेतावनी दे डाली है। इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) के प्रवक्ता हुसैन मोहेब्बी ने खुलकर कहा है कि अमेरिका अगर दोबारा ईरान पर हमला करने की हिम्मत दिखाए तो उसे बहुत भारी कीमत चुकानी पड़ेगी।

'नई जंग में ईरान का जवाब पहले से जोरदार होगा'

हुसैन मोहेब्बी का दावा है कि ईरान अब पहले से कहीं ज्यादा मजबूत हथियारों से लैस है। उन्होंने चेतावनी दी कि किसी भी नई जंग में ईरान का जवाब पहले से कहीं ज्यादा जोरदार होगा।

मोहेब्बी ने ईरान के सरकारी मीडिया से बात करते हुए यह बयान दिया। उन्होंने कहा- अमेरिका-इजराइल से 40 दिन वाली लड़ाई के बाद देश के पास और भी आधुनिक हथियार आ गए हैं। ये हथियार पुराने वाले से कहीं आगे हैं।

मोहेब्बी ने मीडिया से बात करते हुए यह तक कह दिया कि ईरान किसी भी नए हमले का इंतजार नहीं कर रहा, बल्कि तैयार बैठा है। अगर कोई दुश्मनी दिखाएगा तो जवाब भी उसी हिसाब से मिलेगा।

अमेरिका को मिडटर्म चुनाव से पहले जीत चाहिए?

इस दौरान मोहेब्बी ने एक और बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा- अमेरिका के लिए ईरान के खिलाफ नई जंग शुरू करना समझदारी वाली बात नहीं है। लेकिन ट्रंप प्रशासन को मिडटर्म चुनाव से पहले एक बड़ी जीत की जरूरत है। इसी वजह से खतरा अभी भी बना हुआ है। उन्होंने कहा कि यह संभावना पूरी तरह खारिज नहीं की जा सकती।

क्षेत्र में बढ़ रहा तनाव

ईरान की ओर से यह बयान ऐसे समय में आया है, जब मिडिल ईस्ट में तनाव पहले से ही काफी ज्यादा है। बुधवार को स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज में एक बड़ा जहाज समुद्री माइन के चपेट में आ गया। धमाके के बाद वह समुद्र में ही समा गया।

इतना ही नहीं, हॉर्मुज में दो और जहाजों को प्रोजेक्टाइल से निशाना बनाया गया। हालांकि, यह हमला किसने किया, यह अभी तक सामने नहीं आया है। जहाजों पर हमले के बाद सुरक्षा को लेकर लगातार सतर्क किया जा रहा है।

Updated on:
14 Oct 2026 05:27 pm
Published on:
14 Oct 2026 05:27 pm