विदेश

इज़रायल ने फिर की लेबनान में एयरस्ट्राइक्स, ट्रंप के सीज़फायर से भी नहीं रुक रही जंग

Israel-Hezbollah War: इज़रायल और हिज़बुल्लाह के बीच जंग रुकने का नाम नहीं ले रही है। अब इज़रायली सेना ने फिर लेबनान में एयरस्ट्राइक्स की है।

2 min read
Jun 12, 2026
Israel carries out airstrikes in Lebanon
इज़रायल ने फिर की लेबनान में एयरस्ट्राइक्स (File Photo)

इज़रायल (Israel) और लेबनान (Lebanon) के आतंकी संगठन हिज़बुल्लाह (Hezbollah) के बीच कई सीज़फायर होने के बावजूद जंग जारी है। अमेरिका (United States of America) के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) की मध्यस्थता में हुए सीज़फायरों का कोई फायदा नहीं हो रहा है और इज़रायली सेना के हमले रुकने का नाम नहीं ले रहे हैं। इज़रायली सेना बार-बार साउथ लेबनान पर हमले कर रही है और अब फिर इज़रायली सेना ने लेबनान में एयरस्ट्राइक्स कर दी है। लेबनान के मीडिया की रिपोर्ट के अनुसार इज़रायल ने लेबनान के दक्षिणी मरजायून ज़िले में डिबिन शहर के आस-पास के कृषि क्षेत्र आरिड डबीबिन पर एयरस्ट्राइक्स की हैं। इज़रायली एयरफोर्स ने इन एयरस्ट्राइक्स को अंजाम दिया, जिससे हाहाकार मच गया।

ड्रोन अटैक को भी दिया अंजाम

लेबनान की नेशनल न्यूज़ एजेंसी के अनुसार इज़रायली सेना ने कुछ देर पहले नबातीह जिले के जेबचित कस्बे पर ड्रोन अटैक कर दिया। इज़रायल के इस हमले से हड़कंप मच गया।

कितना हुआ नुकसान?

इज़रायल की इन एयरस्ट्राइक्स और ड्रोन अटैक में कितना नुकसान हुआ, फिलहाल इसकी जानकारी सामने नहीं आई है। हालांकि लेबनान की मीडिया के अनुसार इन हमलों में कई लोगों के हताहत होने की आशंका जताई जा रही है।

नेतन्याहू का लेबनानवासियों के नाम संदेश

इज़रायली पीएम बेंजामिन नेतन्याहू (Benjamin Netanyahu) ने 10 जून को लेबनानवासियों के नाम वीडियो मैसेज जारी किया। इस वीडियो मैसेज में नेतन्याहू ने कहा, "लेबनान के लोगों, इज़रायल की लड़ाई आपसे नहीं है। हमारी लड़ाई हिज़बुल्लाह से है, जिन्होंने आपके देश को बंधक बना रखा है और जो ईरान के कहने पर हम पर आतंकी हमले करता है। क्या आपको याद है कि लेबनान को ईरान द्वारा एक बुरे सपने में बदलने से पहले आपका देश कैसा था? क्या आपको देश के कैफे याद हैं? आओकी संस्कृति याद है? देश की शांति याद है? वो सब खत्म हो गया है क्योंकि हिज़बुल्लाह और ईरान हमें बार-बार युद्ध में घसीटना चाहते हैं। लेबनानवासी बेहतर के हकदार हैं। आपके बच्चे बेहतर के हकदार हैं। आप जानते हैं कि इज़रायल अपने लोगों की रक्षा के लिए कुछ भी करेगा।"

"हिज़बुल्लाह पहले से कहीं ज़्यादा कमज़ोर हो गया है। इज़रायल पहले से कहीं ज़्यादा मज़बूत है। हमने अब तक लगभग 10 हज़ार हिज़बुल्लाह आतंकियों को खत्म कर दिया है। हम साउथ लेबनान से इन आतंकियों को व्यवस्थित रूप से मार रहे हैं, चाहे वो कहीं भी हों, हम उन्हें ढूंढ निकालेंगे। लेबनानवासी यह भी जानते हैं कि हम आपके और लेबनान के साथ शांति चाहते हैं। ऐसी शांति जिसमें हमारे देशों के लोग मिलकर निवेश कर सकें, मिलकर निर्माण कर सकें और मिलकर तरक्की कर सकें। इस खूबसूरत सोच में सिर्फ एक ही रुकावट है और वो हिज़बुल्लाह है।"

"वो शांति नहीं, युद्ध चाहते हैं। वो जीवन नहीं, मौत चाहते हैं। वो अपने गलत मकसदों को पूरा करने के लिए आपमें से ज़्यादा से ज़्यादा लोगों की बलि चढ़ा देंगे। अपने भविष्य को मौत और तबाही पर आमादा इन लोगों के हाथों में न सौंपें। इज़रायल आपके साथ शांति चाहता है।"

Updated on:
12 Jun 2026 12:24 pm
Published on:
12 Jun 2026 12:06 pm