विदेश

‘भगोड़ा नहीं हूं मैं, राहुल गांधी क्यों करते हैं मुझ पर हमले?’, ललित मोदी ने साधा कांग्रेस सांसद पर निशाना

Lalit Modi Targets Rahul Gandhi: ललित मोदी ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पर निशाना साधा है। क्या कहा पूर्व आईपीएल चेयरमैन ने? आइए जानते हैं।

2 min read
Jun 04, 2026
Lalit Modi and Rahul Gandhi
ललित मोदी और राहुल गांधी (File Photo)

आईपीएल (IPL) के पूर्व चेयरमैन ललित मोदी (Lalit Modi) ने कांग्रेस (Congress) सांसद राहुल गांधी (Rahul Gandhi) पर निशाना साधते हुए सवाल उठाया है कि वह अपने भाषणों में उन पर हमला क्यों करते हैं। एक इंटरव्यू में बात करते हुए ललित ने कहा, "जब भी आप संसद में देखते हैं, या राहुल गांधी के भाषण सुनते हैं, तो वह हमेशा मुझ पर हमला करते हैं। जब भी चुनाव होते हैं, वह मुझ पर हमला करते हैं। जब भी कोई मुद्दा उठता है, तो मुझ पर हमला किया जाता है। कांग्रेस द्वारा मुझ पर हमला क्यों किया जा रहा है?"

कानूनी व्यवस्था से नहीं लगता डर

ललित ने दावा किया कि उन्हें कानूनी व्यवस्था से डर नहीं लगता, लेकिन वह राजनीतिक बदले की भावना से सावधान रहते हैं। उन्होंने कहा, "मुझे कानून से डर नहीं लगता। मुझे जिस बात का डर है, वह यह है कि कुछ लोग हैं वो राजनीतिक लोग हैं। चाहे वो विपक्ष में बैठते हों या कहीं और, उनकी मेरे खिलाफ कोई न कोई खुन्नस है। और उनका काफी दबदबा भी है। इसलिए उन्होंने हंगामा खड़ा कर दिया।"

अंबानी-अडानी का भी किया ज़िक्र

जब ललित से पूछा गया कि राहुल अक्सर ही मुकेश अंबानी और गौतम अडानी जैसे बड़े बिज़नेसमैन को भी निशाना बनाते हैं, तब ललित ने दावा किया कि उनकी स्थिति अलग है क्योंकि उनका (ललित) क्रिकेट से जुड़ाव है, जिससे लोगों की भावनाएं ज़्यादा जुड़ी होती हैं। ललित ने कहा, "अंबानी और अडानी की वजह से अखबार नहीं बिकते। मेरी वजह से खबरें बिकती हैं। क्रिकेट बहुत बड़ा है। क्रिकेट ने मुझे सुर्खियों में ला दिया है, जो अडानी और अंबानी से अलग है। वैसे दोनों मेरे अच्छे दोस्त हैं।"

"भगोड़ा नहीं हूं मैं"

ललित ने आगे कहा, "मैं भगोड़ा नहीं हूं। मैं कहीं भाग नहीं रहा हूं। तमाम बयानबाज़ी के बावजूद पिछले 17 सालों में मेरे खिलाफ कोई भी कानूनी मामला साबित नहीं हुआ है। अगर आप मुझे गिरफ्तार करना चाहते हैं, तो आपको मुझे अदालत में ले जाना होगा। 17 सालों में आप मुझे अदालत में नहीं ले गए। तो आज आप मुझे कैसे गिरफ्तार कर सकते हैं? अगर कुछ होता, तो अब तक सामने आ चुका होता। पिछले 17 सालों में मैंने जो कुछ भी किया है, या कर सकता था, वह सब अब तक साफ हो चुका होता। इसीलिए मेरे खिलाफ कोई मामला नहीं है।"