
उत्तर कोरिया के तानाशाह किम जोंग उन की बहन किम यो जोंग ने दक्षिण कोरिया को खुली धमकी दी है। उन्होंने कहा कि दक्षिण कोरिया की सीमा पर अतिरिक्त सामरिक हथियार तैनात करने का काम चल रहा है। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि सीमा पर लाउडस्पीकर प्रसारण भी दोबारा शुरू करने पर गंभीरता से विचार चल रहा है।
उत्तर कोरिया की सरकारी खबर एजेंसी 'केसीएनए' ने यह जानकारी दी है। किम यो जोंग ने कहा कि दक्षिणी सीमा की स्थिति बहुत अस्थिर हो गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि दक्षिण कोरियाई सेना अपने जवानों पर ऑटोमैटिक राइफल और बड़ी मशीनगनों से चेतावनी की गोलीबारी कर रही है। इससे उनके सैनिकों की सुरक्षा खतरे में पड़ गई है।
किम यो जोंग ने दक्षिण कोरिया को आरओके (रिपब्लिक ऑफ कोरिया) कहकर संबोधित किया। बता दें कि 1 अगस्त से 17 अक्टूबर तक दक्षिण कोरिया ने 2870 बार लाउडस्पीकर से चेतावनी दी है और सीमा पर 201 बार गोली चलाई है। यह आंकड़ा किम यो जोंग ने खुद बताया। फिलहाल, दक्षिण कोरिया ने अभी तक इस बारे में कोई आधिकारिक आंकड़ा जारी नहीं किया है।
दोनों देशों के बीच तनाव अप्रैल 2024 से बढ़ना शुरू हुआ, जब उत्तर कोरिया ने सीमा पर किलेबंदी का काम तेज कर दिया। 1953 में कोरिया युद्ध के बाद बनी डीएमजेड यानी निर्जन क्षेत्र दोनों देशों को अलग करती है।
दक्षिण कोरियाई सेना के अनुसार, उत्तर कोरिया ने इस साल करीब सात हजार मजदूर भेजकर बारूदी सुरंगें और बाड़ लगाने का काम किया है। सीमा पार करने की करीब 50 घटनाएं भी हुईं।
पिछले महीने उत्तर कोरिया की ही बारूदी सुरंग फटने से उसके दो सैनिक गंभीर रूप से घायल हो गए थे। दक्षिण कोरिया ने इस काम को रोकने की अपील की थी।
इस बीच, सियोल स्थित क्युंगनम यूनिवर्सिटी के 'इंस्टीट्यूट फॉर फार ईस्टर्न स्टडीज' के प्रोफेसर लिम उल-चुल ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा- दक्षिण कोरियाई सेना, उत्तर कोरिया द्वारा किए जा रहे किलेबंदी के कामों को लेकर हाई अलर्ट पर है; वे चेतावनी के तौर पर गोलियां चला रहे हैं और लाउडस्पीकर के जरिए घोषणाएं कर रहे हैं।
उन्होंने आगे कहा- ऐसा लगता है कि प्योंगयांग को इस बात की चिंता है कि सियोल की इन चेतावनी भरी गतिविधियों से सीमा के पास तनाव बढ़ सकता है या कोई सैन्य टकराव हो सकता है।