विदेश

पाकिस्तानी सेना का खुफिया अभियान, बलूचिस्तान में 5 आतंकियों को किया ढेर

Pakistan Army's Action Against Terrorists: पाकिस्तानी सेना ने एक बार फिर आतंकियों के खिलाफ खुफिया अभियान चलाते हुए हमला किया है। सेना की इस कार्रवाई में 5 आतंकी मारे गए हैं।
2 min read
Aug 11, 2026
Pakistan soldiers
पाकिस्तानी सैनिक (Photo - ANI)

पाकिस्तान (Pakistan) में आतंकवाद (Terrorism) एक गंभीर समस्या बन गया है। जिस आतंकवाद को पाकिस्तान ने लंबे समय तक संरक्षण दिया, अब वो पाकिस्तान के लिए बड़ी मुसीबत बन गया है। पाकिस्तान में समय-समय पर आतंकी हमलों के मामले देखने को मिलते हैं। कुछ प्रांतों में तो स्थिति काफी गंभीर है। ऐसे में पाकिस्तानी सेना की आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई जारी है। हाल ही में पाकिस्तानी सेना ने बलूचिस्तान (Balochistan) प्रांत में आतंकियों के खिलाफ खुफिया अभियान चलाया।

5 आतंकियों को मार गिराया

पाकिस्तान की सेना ने सोमवार को बलूचिस्तान प्रांत में खुफिया जानकारी के आधार पर चलाए गए एक सैन्य अभियान में 5 आतंकियों को मार गिराया। पाकिस्तानी सेना की मीडिया शाखा इंटर-सर्विसेज़ पब्लिक रिलेशंस - आईएसपीआर (Inter-Services Public Relations - ISPR) ने जारी किए गए एक बयान में इस बारे में जानकारी दी। यह खुफिया सैन्य अभियान पंजगुर जिले में एक आतंकी संगठन के खिलाफ चलाया गया और इसे सफलतापूर्वक अंजाम दिया गया।

बरामद हथियारों को किया नष्ट

इस खुफिया अभियान के दौरान पाकिस्तानी सेना ने आतंकियों के पास से हथियार, गोला-बारूद और इम्प्रोवाइज़्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (IED) बरामद किए, जिन्हें नष्ट कर दिया गया। इंटर-सर्विसेज़ पब्लिक रिलेशंस के बयान के अनुसार इनका इस्तेमाल प्रांत में आतंकी गतिविधियों को अंजाम देने के लिए किए जाने की साजिश थी, जिसे पाकिस्तानी सेना ने नाकाम कर दिया।

आतंकवाद के खिलाफ जारी रहेंगे अभियान

पाकिस्तान में आतंकवाद की वजह से हालात काफी बिगड़ चुके हैं। बलूचिस्तान में पाकिस्तानी सरकार और सेना के खिलाफ पहले से ही जनता में विरोध है, जो सेना के अत्याचार से परेशान हैं और सरकार भी इस बारे में कोई कदम नहीं उठाती। कई बलूच नेता और अलगाववादी संगठन पाकिस्तान से आज़ादी चाहते हैं। इन सबके बीच बलूचिस्तान में कुछ आतंकी संगठन भी सक्रिय हैं, जो अक्सर ही सेना और पुलिस पर हमले करते हैं। ऐसे में देश की सेना ने साफ कर दिया है कि पाकिस्तान से आतंकवाद और आतंकियों को खत्म करने के लिए सैन्य अभियान जारी रहेंगे। इन सैन्य अभियानों में पाकिस्तानी सेना का साथ पुलिस, स्पेशल यूनिट्स और खुफिया एजेंसियाँ भी देती हैं, जिससे आतंकियों को उनके मंसूबों में कामयाब होने का कोई मौका न मिले।

Updated on:
11 Aug 2026 11:08 pm
Published on:
11 Aug 2026 11:01 pm