
पेरू (Peru) में पूर्व राष्ट्रपति पेड्रो कैस्टिलो (Pedro Castillo) के पिछले बुद्धवार को गिरफ्तार होने के बाद से ही देश में उथल-पुथल भी बढ़ गई है। देश में विरोध प्रदर्शन और दंगे भड़क गए हैं। पेड्रो कैस्टिलो को गिरफ्तार हुए करीब एक हफ्ते का समय हो चुका है पर अभी भी वह जेल में ही है। पर राष्ट्रपति पद जाने के बाद अब उनकी मुश्किल और बढ़ सकती है।
कोर्ट ने की अपील रिजेक्ट
पेड्रो कैस्टिलो ने गिरफ्तार होने के कुछ दिन बाद ही पेरू के एक कोर्ट में अपनी रिहाई की अपील की थी। पर अब उनकी जेल से बाहर आने की उम्मीद को झटका लग गया है। पेरू के एक कोर्ट ने पेड्रो कैस्टिलो की यह अपील रिजेक्ट कर दी है।
क्यों किया था गिरफ्तार?
पेड्रो कैस्टिलो ने पेरू में इमरजेंसी की स्थिति लाकर देश की विधायिका को भंग करते हुए तानाशाह की तरह सरकार बनाने की कोशिश की थी। इसी वजह से पेरू की काँग्रेस ने महाभियोग चलाकर उन्हें राष्ट्रपति पद से हटा दिया। इसके लिए हुए मतदान में 130 सदस्यीय संसद में पेड्रो कैस्टिलो को हटाने के प्रस्ताव के समर्थन में 101 वोट पड़े और इसके खिलाफ 6 वोट। 10 सांसदों ने इस मतदान प्रक्रिया में हिस्सा नहीं लिया। इसके बाद पेड्रो कैस्टिलो को पुलिस ने हिरासत में ले लिया था और तब से वह जेल में ही है।
दंगों को रोकने के लिए की रिहाई की मांग
पेरू में चल रहे दंगों और विरोध प्रदर्शनों के चलते अब तक 7 लोगों की मौत हो चुकी है। इसी को देखते हुए पेड्रो कैस्टिलो ने देश की पुलिस और आर्मी से प्रदर्शनकारियों को मारने के लिए मना करते हुए अपनी रिहाई की मांग की है। उन्होंने पेरू में स्थिति सुधारने के लिए ऐसा करने के लिए कहा है।