विदेश

केन्या में भीषण रोड एक्सीडेंट, 17 लोगों की मौत

Road Accident In Kenya: केन्या में भीषण रोड एक्सीडेंट का मामला सामने आया है। इस सड़क हादसे में 17 लोगों ने अपनी जान गंवा दी।
2 min read
• •
Oct 03, 2026
Kenya Road Accident
केन्या में रोड एक्सीडेंट (Photo - @Kenyans)

केन्या (Kenya) में आज एक भीषण रोड एक्सीडेंट का मामला सामने आया है। पुलिस ने बताया कि यह हादसा तड़के सुबह नैरोबी-मोम्बासा हाईवे पर हुआ, जिससे हाहाकार मच गया। पुलिस के अनुसार यह रोड एक्सीडेंट सलामा इलाके के मलिमा किउ में हुआ, जब तटीय शहर मोम्बासा जा रहे एक लॉरी-ट्रक के ड्राइवर ने गाड़ियों की कतार को ओवरटेक करने की कोशिश की, लेकिन उसी दिशा में जा रहे एक दूसरे ट्रक के पिछले हिस्से से उसकी टक्कर हो गई। टक्कर की वजह से पहले लॉरी-ट्रक का ड्राइवर अपना कंट्रोल खो बैठा और उसकी टक्कर नैरोबी की ओर आ रही गाड़ियों से हो गई। इसके बाद लॉरी-ट्रक की टक्कर एक मिनीबस से भी हो गई।

17 लोगों की हुई मौत

केन्या में आज हुए इस रोड एक्सीडेंट में 17 लोगों की मौत हो गई। इनमें लॉरी-ट्रक का ड्राइवर, मिनीबस का ड्राइवर और उसके 12 यात्री भी शामिल हैं।

कई लोग घायल

इस रोड एक्सीडेंट में कई लोग घायल भी हो गए। घायलों को नज़दीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहाँ उनका इलाज चल रहा है। कुछ घायलों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।

मामले की जांच हुई शुरू

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि लॉरी-ट्रक के ब्रेक्स भी फेल हो गए थे। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि केन्या के मुख्य ट्रांसपोर्ट कॉरिडोर में से एक, नैरोबी-मोम्बासा हाईवे पर लापरवाही से गाड़ी चलाने, खतरनाक तरीके से ओवरटेक करने, शराब पीकर गाड़ी चलाने और मोटरसाइकिल चालकों द्वारा हेलमेट न पहनने के कारण अक्सर रोड एक्सीडेंट्स होते रहते हैं। केन्या में पिछले कुछ समय में रोड एक्सीडेंट्स के मामले तेज़ी से बढ़े हैं, जो चिंता का विषय है। केन्या के नेशनल ट्रांसपोर्ट एंड सेफ्टी अथॉरिटी (NTSA) के आंकड़ों के अनुसार 2026 की पहली छमाही में केन्या की सड़कों पर रोड एक्सीडेंट्स की वजह से 2,100 से ज़्यादा लोगों की जान गई है, जो 2025 की इसी अवधि की तुलना में 11% ज़्यादा है। साल की दूसरी छमाही में भी केन्या में रोड एक्सीडेंट्स के मामलों में कमी देखने को नहीं मिल रही है। रोड एक्सीडेंट्स को रोकने की कोशिशें भी काम नहीं आ रही हैं।

Updated on:
03 Oct 2026 03:14 pm
Published on:
03 Oct 2026 02:47 pm