विदेश

यूक्रेन के हमले को रूस ने किया फेल, मार गिराए 339 यूक्रेनी ड्रोन्स

Russia-Ukraine War: रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध जारी है। इसी बीच यूक्रेन ने रूस पर ताबड़तोड़ ड्रोन्स दागे, लेकिन रूसी सेना ने इस हमले को फेल करते हुए 339 यूक्रेनी ड्रोन्स को मार गिराया।

2 min read
Jun 07, 2026
Downed drone
रूस ने मार गिराए यूक्रेन के 339 ड्रोन्स (File Photo)

रूस-यूक्रेन युद्ध (Russia-Ukraine War) अभी भी जारी है। सिर्फ रूस ही नहीं, यूक्रेन की तरफ से भी हमले किए जा रहे हैं। समय-समय पर यूक्रेन की तरफ से रूस पर ड्रोन अटैक्स किए जाते हैं और एक बार फिर ऐसा ही मामला देखने को मिला, जब यूक्रेनी सेना ने रूस पर ताबड़तोड़ ड्रोन्स दागे। रूस के रक्षा मंत्रालय ने जानकारी दी कि शनिवार को यूक्रेन ने रूस के 13 क्षेत्रों में ड्रोन्स दागे।

रूस ने फेल किया यूक्रेन का हमला

यूक्रेन के इस हमले को रूस ने फेल कर दिया। रूस के रक्षा मंत्रालय ने जानकारी दी कि शनिवार को 13 घंटे में रूस ने यूक्रेन के 339 ड्रोन्स को मार गिराया। रूसी एयर डिफेंस सिस्टम्स ने 13 क्षेत्रों में इन ड्रोन्स को मार गिराया।

नहीं हुआ जान का नुकसान

जानकारी के अनुसार यूक्रेन के इस हमले की वजह से रूस में किसी की मौत नहीं हुई। हालांकि ड्रोन्स को मार गिराने के बाद उनका जो मलबा गिरा, उससे कुछ आवासीय इमारतों को नुकसान पहुंचा। कुछ जगह ड्रोन्स का मलबा गिरने की वजह से आग भी लग गई। हालांकि आग पर जल्द ही काबू पा लिया गया, लेकिन आवासीय इमारतों को हुए नुकसान और आग लगने की घटनाओं की वजह से कुछ लोगों को चोट आई। कुछ घायलों को नज़दीकी अस्पतालों में भर्ती कराना पड़ा, लेकिन उनकी स्थिति सामान्य बताई जा रही है। इनमें से कुछ लोगों को तो इलाज के बाद अस्पतालों से छुट्टी मिल गई। वहीं अन्य लोग, जिन्हें ज़्यादा चोट नहीं आई, को घटनास्थल पर ही प्राथमिक उपचार मुहैया कराया गया।

काफी कोशिशों के बाद भी खत्म नहीं हो रहा युद्ध

रूस और यूक्रेन के बीच 24 फरवरी, 2022 को युद्ध शुरू हुआ था, जो 4 साल से ज़्यादा समय बीतने के बावजूद भी जारी है। रूसी सेना ने यूक्रेन को घेरते हुए हमला किया था। यूक्रेन में इस युद्ध की वजह से तबाही मच चुकी है। जान-माल का भारी नुकसान हुआ है और बड़ी संख्या में यूक्रेनी सैनिक भी इस युद्ध में मारे गए हैं। हालांकि रूस ने भी अपने कई सैनिक इस युद्ध में गंवा दिए हैं और देश की अर्थव्यवस्था को भी नुकसान पहुंचा है। रूसी सेना ने यूक्रेन में कुछ इलाकों पर कब्ज़ा भी कर लिया है। शुक्रवार को यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर ज़ेलेन्स्की (Volodymyz Zelenskyy) ने इस युद्ध को खत्म करने के लिए रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन (Vladimir Putin) से मुलाकात का प्रस्ताव दिया, जिन्होंने फिलहाल के लिए यूक्रेनी राष्ट्रपति के साथ आमने-सामने की बैठक की संभावना से इनकार कर दिया।