Russia-Ukraine War: रूस और यूक्रेन के बीच चल रहा युद्ध अभी भी जारी है। हालांकि इसी बीच रूस ने यूक्रेन के 49 युद्ध कैदियों को रिहा किया है।
रूस (Russia) और यूक्रेन (Ukraine) के बीच 24 फरवरी, 2022 से युद्ध जारी है। इस युद्ध को अगले ढाई साल से ज़्यादा समय हो चुका है। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन (Vladimir Putin) ने यूक्रेन पर कब्ज़ा करने के इरादे से रूस की सेना को यूक्रेन में घुसपैठ करते हुए जंग छेड़ने का आदेश दिया था और तभी से युद्ध जारी है। हालांकि इतने समय में भी पुतिन यूक्रेन पर कब्ज़ा नहीं कर पाए। रूस की सेना ने यूक्रेन में काफी कहर बरपाया है और इस युद्ध की वजह से यूक्रेन को जान-माल का भारी नुकसान हुआ है, पर रूस और रूस की सेना को भी इस युद्ध में नुकसान हुआ है। साथ ही यूक्रेनी सेना कई इलाकों से रूस की सेना को खदेड़ भी चुकी है। यूक्रेनी सेना ने रूस के कुर्स्क में कई बस्तियों पर भी कब्ज़ा कर लिया है। इस युद्ध के दौरान दोनों देशों ने ही एक-दूसरे के सैनिकों/लोगों को युद्ध कैदियों के रूप में पकड़ा है, पर उन्हें रिहा भी किया है। एक बार फिर रूस ने ऐसा ही किया।
रूस ने किया यूक्रेन के 49 युद्ध कैदियों को रिहा
रूस ने हाल ही में यूक्रेन के 49 युद्ध कैदियों को रिहा कर दिया है। यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमिर ज़ेलेन्स्की (Volodymyr Zelenskyy) ने इस बारे में जानकारी दी। रिहा हुए युद्ध कैदियों में सशस्त्र बल, नेशनल गार्ड, नेशनल पुलिस और बॉर्डर गार्ड के कर्मी शामिल हैं। इनमें अज़ोव ब्रिगेड के 15 सैनिक भी शामिल हैं जिन्होंने 2022 में मारियुपोल शहर की रक्षा की थी।
यूक्रेन के सभी कैदियों को वापस लाना है लक्ष्य
ज़ेलेन्स्की ने यूक्रेन के 49 युद्ध कैदियों की रिहाई पर ख़ुशी जाहिर की। इसके साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि यूक्रेन के उन सभी लोगों को जिन्हें रूस ने कैदी बनाया हुआ है, उन्हें वापस यूक्रेन लाना उनका एक लक्ष्य है।
यह भी पढ़ें- इराक में आतंकी हमला, 2 सैनिकों की मौत