विदेश

एक्शन में सुरक्षाबल, पाकिस्तान में किया 27 आतंकियों का एनकाउंटर

Pakistan Security Forces Against Terrorism: पाकिस्तानी सुरक्षाबलों ने एक बार फिर आतंकियों के खिलाफ अलग-अलग सैन्य ऑपरेशन्स को अंजाम दिया है। ऐसा करते हुए उन्होंने 27 आतंकियों को मार गिराया।
2 min read
May 25, 2026
Pakistan army
पाकिस्तानी सेना (File Photo)

पाकिस्तान (Pakistan) में आतंकवाद (Terrorism) की वजह से स्थिति काफी खराब हो चुकी है। लंबे समय से पाकिस्तान ने आतंकवाद को संरक्षण दिया है और अभी भी पाकिस्तान को आतंकियों के लिए हॉटस्पॉट माना जाता है। हालांकि अब पाकिस्तान आतंकवाद के दलदल में धंस चुका है। आए दिन ही पाकिस्तान में आतंकी हमलों के मामले देखने को मिलते हैं। रविवार को बलूचिस्तान के क्वेटा में ट्रेन पर आत्मघाती हमले में 24 लोगों की मौत हो गई। आतंकवाद को रोकने के लिए पाकिस्तानी सुरक्षाबल भी समय-समय पर देश में कार्रवाई करता है और हाल ही में एक बार फिर देश का सुरक्षाबल एक्शन में नज़र आया है।

27 आतंकियों का एनकाउंटर

पाकिस्तानी सेना की मीडिया शाखा इंटर-सर्विसेज़ पब्लिक रिलेशंस (ISPR) ने जानकारी दी कि पाकिस्तानी सुरक्षाबलों ने शनिवार और रविवार को अलग-अलग सैन्य ऑपरेशन्स में 27 आतंकियों का एनकाउंटर कर दिया। पाकिस्तानी सुरक्षाबलों ने खैबर पख्तूनख्वा (Khyber Pakhtunkhwa) प्रांत के बन्नू (Bannu) जिले में शनिवार को सर्च एंड स्ट्राइक ऑपरेशन चलाया। इस कार्रवाई में 16 आतंकी मारे गए। खुफिया जानकारी मिलने के बाद पाकिस्तानी सुरक्षाबलों ने यह कार्रवाई की। हालांकि इस कार्रवाई में 2 पुलिसकर्मी भी मारे गए हैं। इस मुठभेड़ के दौरान 3 आतंकी और 8 पुलिसकर्मी घायल हो गए। घायल पुलिसकर्मियों को नज़दीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उनका इलाज चल रहा है।

वहीँ रविवार को पाकिस्तानी सेना ने खैबर पख्तूनख्वा के नॉर्थ वजीरिस्तान (North Waziristan) जिले में अलग-अलग जगहों पर कार्रवाई की। इंटर-सर्विसेज़ पब्लिक रिलेशंस ने बताया कि इन सैन्य ऑपरेशन्स में 11 आतंकी मारे गए।

हथियार और गोला-बारूद बरामद

इंटर-सर्विसेज़ पब्लिक रिलेशंस ने जानकारी दी कि रविवार को पाकिस्तानी सेना ने मारे गए आतंकियों से हथियार और गोला-बारूद बरामद किए गए, जो प्रांत में कई आतंकी गतिविधियों में सक्रिय रूप से शामिल थे। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि खैबर पख्तूनख्वा पाकिस्तान में आतंकवाद से सबसे ज़्यादा प्रभावित प्रांत है, जिसकी बॉर्डर अफगानिस्तान (Afghanistan) से लगती है।

सैन्य अभियान रहेगा जारी

इंटर-सर्विसेज़ पब्लिक रिलेशंस के अनुसार अभी भी खैबर पख्तूनख्वा में आतंकियों के कई ठिकाने हैं जिससे खतरा बरकरार है। ऐसे में आतंकियों को खत्म करने के लिए सैन्य अभियान जारी रहेगा।

Updated on:
03 Jun 2026 07:43 am
Published on:
25 May 2026 08:35 am