
US-Iran War: पश्चिम एशिया में अमेरिका और ईरान के बीच चल रहे तनाव के बीच, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने तेहरान को एक नई चेतावनी दी है। अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'ट्रुथ सोशल' पर जारी एक बयान में राष्ट्रपति ट्रंप ने चेतावनी दी कि अगर ईरान स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से गुजरने वाले किसी भी कमर्शियल या मिलिट्री जहाज पर किसी भी हथियार से हमला करता है, तो अमेरिकी सेना ईरान के इंफ्रास्ट्रक्चर पर हमला करके जवाब देगी, खासकर पुलों और पावर प्लांट को सटीक हमलों से निशाना बनाएगी।
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने साफ किया कि अमेरिका की यह नई पॉलिसी तुरंत ही लागू होगी। जीन इलाकों को निशान बनाया जाएगा, उसमें ईरान की राजधानी तेहरान के अंदर या उसके आसपास मौजूद रणनीतिक और नागरिक इंफ्रास्ट्रक्चर भी शामिल हैं।
ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, "अब से जब भी इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ ईरान स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में किसी जहाज पर हमला करेगा, चाहे मिसाइल, रॉकेट, ड्रोन या किसी अन्य हथियार का इस्तेमाल करके तो अमेरिका ईरान के किसी पुल या पावर प्लांट पर बमबारी करके और उसे पूरी तरह से नष्ट करके जवाब देगा। इसमें राजधानी तेहरान के अंदर या उसके आसपास मौजूद टारगेट भी शामिल हैं।"
ट्रंप का यह बयान ऐसे समय में आया है जब अमेरिका और ईरान के बीच तनाव लगातार बढ़ रहा है। फारस की खाड़ी और ओमान की खाड़ी को जोड़ने वाला स्ट्रेट ऑफ होर्मुज दुनिया के सबसे अहम समुद्री व्यापार मार्गों में से एक है, जहां से दुनिया की तेल सप्लाई का एक बड़ा हिस्सा गुजरता है। इसलिए इस इलाके में किसी भी तरह के सैन्य टकराव का असर इंटरनेशनल एनर्जी मार्केट और ग्लोबल सप्लाई चेन पर पड़ सकता है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, ट्रंप ने पिछले हफ्ते भी संकेत दिया था कि अगर ईरान बातचीत करने से इनकार करता है, तो अमेरिका उसके अहम इंफ्रास्ट्रक्चर को निशाना बना सकता है। अब पहली बार डोनाल्ड ट्रंप ने साफ तौर पर कहा है कि स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में जहाजों पर किसी भी तरह के हमले का जवाब अमेरिका सैन्य कार्रवाई से देगा।