
अमेरिका (United States of America) ने एक बार फिर ईरान (Iran) पर हमले शुरू कर दिए हैं। यह लगातार पांचवीं रात है जब अमेरिका ने ईरान पर हमले किए हैं। बुधवार को दिन में भी अमेरिका ने ईरान पर हमले किए थे। पिछले हफ्ते भी अमेरिकी सेना ने लगातार दो रात ईरान को दहलाया था। अमेरिकी सेना की CENTCOM यूनिट ने सोशल मीडिया पर जानकारी दी कि उन्होंने ईरान के ख़िलाफ हमलों के दूसरे दौर के लिए ऑपरेशन शुरू किया है। इन हमलों के ज़रिए ईरान की उन सैन्य क्षमताओं को निशाना बनाया जा रहा है जिनका इस्तेमाल होर्मुज़ स्ट्रेट (Strait of Hormuz) से गुज़रने वाले जहाजों को धमकाने और उन पर हमलों के लिए किया जाता है। CENTCOM ने साफ कर दिया कि यह जलमार्ग वैश्विक व्यापार के लिए बहुत अहम है और इसलिए अमेरिकी सेना ने कमांडर-इन-चीफ के निर्देश पर ईरान पर फिर से बमबारी शुरू कर दी है।
अमेरिकी हमले के बाद ईरान में कई जगह धमाके हुए हैं। ईरानी मीडिया के अनुसार अब तक बंदर अब्बास, चाबहार, केशम आइलैंड, रासक और अहवाज़ में धमाके सुनाई दिए हैं, लेकिन और शहरों में भी धमाकों की आशंका जताई जा रही है।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि जब तक वह चाहेंगे तब तक ईरान पर हमले होंगे। अमेरिकी राष्ट्रपति ने साफ कर दिया कि जब वह कहेंगे, तभी ईरान पर हमले रुकेंगे। ट्रंप ने धमकी दी है कि अगर अगले हफ्ते तक ईरान ने अमेरिका के साथ डील के लिए बातचीत की टेबल पर लौटने पर सहमति नहीं जताई, तो अमेरिकी सेना ईरान के पावर प्लांट्स और पुलों पर हमला करेगी। ट्रंप ने कहाकि अमेरिकी सेना ईरान के सभी पुलों पर तब तक हमले करेगी जब तक वो डील के लिए फिर से अमेरिका के साथ बातचीत की टेबल पर नहीं आते।
ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बघाई (Esmaeil Baghaei) ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा है कि ईरान का अमेरिका के साथ बातचीत करने का फिलहाल कोई प्लान नहीं है। बघाई ने यह भी कहा कि ईरान इस समय पूरी तरह से देश की सुरक्षा पर ध्यान दे रहा है।