विदेश

4 डॉलर कम हुए गैस के दाम, युद्ध के बाद पहली बार बड़ी राहत: तेल की कीमतों में गिरावट पर बोले जेडी वेंस

Iran Peace Plan Impact Oil Prices: अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वैंस ने कहा कि कल रात होर्मुज जलडमरूमध्य से 12.5 मिलियन बैरल तेल की आवाजाही हुई है। गैस की कीमतें संघर्ष के बाद पहली बार 4 डॉलर प्रति गैलन से नीचे गिर गईं।
2 min read
Jun 18, 2026
JD Vance JD Vance Dismisses Jared Kushner-Steve Witkoff Profit Allegations.
उपराष्ट्रपति जेडी वेंस (Photo-IANS)

Iran Peace Plan Impact Oil Prices: अमेरिका और ईरान के बीच हुए ऐतिहासिक शांति समझौते (Middle East Peace Deal) के जमीनी असर दिखने शुरू हो गए हैं। अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने व्हाइट हाउस में एक प्रेस ब्रीफिंग के दौरान घोषणा की है कि ईरान के साथ ऐतिहासिक समझौते के क्रियान्वयन के बाद अब 60 दिनों की आधिकारिक वार्ता अवधि (60-day negotiating period) शुरू हो गई है। उन्होंने दावा किया कि राष्ट्रपति के इस ईरान पीस प्लान का सीधा और सकारात्मक लाभ अमेरिकी जनता को मिलना शुरू हो चुका है, जिससे ईंधन की कीमतों में भारी गिरावट दर्ज की गई है।

स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज से रिकॉर्ड तेल सप्लाई, 4 डॉलर के नीचे आए दाम

उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने वैश्विक ऊर्जा बाजार से जुड़े महत्वपूर्ण आंकड़े साझा करते हुए बताया कि पश्चिम एशिया संकट शुरू होने के बाद पहली बार इतनी बड़ी राहत मिली है। उन्होंने कहा, 'बीती रात स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज (Strait of Hormuz) से रिकॉर्ड 1.25 करोड़ (12.5 मिलियन) बैरल कच्चे तेल की आवाजाही हुई है, जो युद्ध की शुरुआत के बाद से सबसे ज्यादा है। इसके चलते कच्चे तेल की वैश्विक कीमतें लगभग युद्ध-पूर्व के स्तर पर आ गई हैं।'

अमेरिका में 4 डॉलर के नीचे आए गैस के दाम

इस वैश्विक बदलाव का सीधा असर अमेरिकी उपभोक्ताओं पर पड़ा है। अमेरिका में गैस की कीमतें युद्ध के बाद पहली बार 4 डॉलर प्रति गैलन के नीचे आ गई हैं। जेडी वेंस ने भरोसा जताया कि तेल की कीमतों में आ रही इस भारी कमी के कारण आने वाले दिनों में गैस के दाम और भी ज्यादा नीचे गिरेंगे।

ईरान ने रोकी गोलाबारी, अमेरिका ने भी दी ढील

शांति समझौते के अनुपालन को लेकर उपराष्ट्रपति ने बताया कि ईरानी सेना ने लगातार दूसरी रात भी स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज से गुजरने वाले किसी भी व्यावसायिक या सैन्य जहाज पर गोलाबारी नहीं की है। उन्होंने कहा कि फिलहाल ईरान अपनी प्रतिबद्धताओं का सम्मान कर रहा है। दूसरी ओर, अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने भी अपनी नौसैनिक नाकेबंदी में ढील देते हुए एक दर्जन जहाजों को वहां से सुरक्षित गुजरने की अनुमति दी है, जो इस बात का सबूत है कि अमेरिका भी समझौते के अपने हिस्से का पूरी तरह पालन कर रहा है।

ईरान का परमाणु कार्यक्रम पूरी तरह नष्ट: जेडी वेंस

ईरान की सैन्य क्षमता पर बात करते हुए अमेरिकी उपराष्ट्रपति ने एक बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा कि ईरान का परमाणु कार्यक्रम पूरी तरह से तबाह हो चुका है और उसकी पारंपरिक सेना भी अभी तक पस्त है। जेडी वेंस ने कहा कि अब यह देखने का वक्त है कि क्या ईरान राष्ट्रपति की शांति योजना के अगले कदमों का पालन करने के लिए तैयार है।

Updated on:
18 Jun 2026 09:39 pm
Published on:
18 Jun 2026 09:39 pm