
ईरान (Iran) की नेवी का कहना है कि होर्मुज स्ट्रेट (Strait of Hormuz) में एक प्रतिबंधित इलाके से गुज़रने की कोशिश कर रहा एक और तेल का जहाज आग की चपेट में आ गया है। ईरान की सरकारी मीडिया ने बताया कि ईरानी नेवी की निगरानी टीमों ने नियम तोड़ने वाले एक तेल के जहाज का पता लगाया और उसकी पहचान की, जो प्रतिबंधित इलाके में आग की चपेट में आ गया। यह भी जानकारी दी गई कि तेल के जहाज ने अपने ट्रैकिंग सिस्टम बंद कर दिए थे और ओमान सागर में प्रतिबंधित इलाके से गुज़रने की कोशिश कर रहा था और इसी दौरान उसमें आग लग गई।
तेल के जहाज ने अपने ट्रैकिंग सिस्टम इसलिए बंद किए जिससे वो प्रतिबंधित इलाके से गुज़र सके और इस दौरान ईरानी नेवी उसे पकड़ न सके। हालांकि जहाज ऐसा कर नहीं पाया और होर्मुज स्ट्रेट पार करने से पहले ही आग की चपेट में आ गया।
ईरान की सरकारी मीडिया के चैनल पर प्रसारित बयान में ईरानी नेवी ने इस बात पर जोर दिया है कि होर्मुज स्ट्रेट के प्रतिबंधित रास्तों और इलाकों में बिना तालमेल के इस तरह की गतिविधियाँ अन्य जहाजों के लिए असुरक्षा और कई तरह के खतरे पैदा कर रही हैं।
तेल के जहाज में आग किस वजह से लगी, फिलहाल इसकी जानकारी सामने नहीं आई है। आईआरजीसी - इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC - Islamic Revolutionary Guard Corps) ने कई मौकों पर कहा है कि होर्मुज स्ट्रेट के प्रतिबंधित इलाकों में समुद्री बारूदी सुरंगें बिछी हुई हैं। ऐसे में इस बात की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता कि समुद्री बारूदी सुरंग से टक्कर होने की वजह से ही तेल की जहाज में आग लगी।
हाल ही में ईरान की सेना के समन्वय उप-प्रमुख हबीबुल्लाह सय्यारी (Habibollah Sayyari), जो ईरानी नेवी के रियर एडमिरल भी हैं, ने चेतावनी देते हुए कहा, "होर्मुज स्ट्रेट बंद है और अगर इस जलमार्ग से किसी ने भी बिना समन्वय के गुज़रने की कोशिश की, तो सही नहीं होगा। उसे इसकी कीमत चुकानी होगी और वो देखेगा कि उसके साथ क्या होता है।"