
US Israel relations: अमेरिका में आजादी के 250 साल पूरे होने का जश्न मनाया जा रहा है। भीषण गर्मी के बावजूद बड़ी संख्या में लोग समारोह में शामिल हो रहे हैं। इसी बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और बेंजामिन नेतन्याहू को लेकर सामने आ रही है। रिपोर्ट के मुताबिक, इजराइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू जल्द ही अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से व्हाइट हाउस में मुलाकात करेंगे। दोनों नेताओं की यह बैठक बेंजामिन नेतन्याहू के अनुरोध पर हो रही है। दोनों नेताओं के बीच यह बैठक नाटो शिखर सम्मेलन से लौटने के बाद अगले सप्ताह की शुरुआत में भी हो सकती है।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक्सियोस से फोन हुई संक्षिप्त बातचीत में कहा, 'हमारे संबंध बहुत अच्छे हैं। वे (नेतन्याहू) जानते हैं कि बॉस कौन है। उन्होंने यह बात अपने संदर्भ में कही।
व्हाइट हाउस के सिचुएशन रूम में फरवरी के बाद डोनाल्ड ट्रंप और बेंजामिन नेतन्याहू की यह पहली बैठक होगी। उस वक्त बेंजामिन नेतन्याहू ने ईरान के खिलाफ संयुक्त युद्ध की योजना पेश की थी। एक इजराइली अधिकारी की एक्सियोस को बताया कि डोनाल्ड ट्रंप की 7-8 जुलाई को तुर्किये में होने वाले नाटो शिखर सम्मेलन में शामिल होंगे। ऐसे में संभव है कि यह बैठक उसके अगले सप्ताह हो।
इजराइली प्रधानमंत्री कार्यालय ने बताया कि बेंजामिन नेतन्याहू ने शुक्रवार को अमेरिका के 250वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर डोनाल्ड ट्रंप को बधाई देने के लिए फोन किया था। प्रधानमंत्री कार्यालय के बयान में कहा गया, 'बातचीत के दौरान प्रधानमंत्री ने कहा कि अमेरिका वैश्विक स्वतंत्रता का संरक्षक है। इजराइल दोनों देशों के बीच घनिष्ठ संबंधों को बहुत महत्व देता है। प्रधानमंत्री नेतन्याहू और अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने जल्द ही अमेरिका में मुलाकात करने पर सहमति जताई है।'
रिपोर्ट की मानें तो फरवरी में व्हाइट हाउस के सिचुएशन रूम में हुई बैठक के बाद डोनाल्ड ट्रंप के करीबी सहयोगियों में बेंजामिन नेतन्याहू को लेकर संदेह बढ़ा है। इसके अलावा हाल ही में डोनाल्ड ट्रंप और बेंजामिन नेतन्याहू के बीच कई मसलों पर मतभेद बढ़े हैं, जिसमें क्षेत्रीय सुरक्षा, ईरान और घरेलू राजनीतिक प्राथमिकताओं पर असहमति है।
बेंजामिन नेतन्याहू की आपत्तियों के बावजूद डोनाल्ड ट्रंप ने पिछले महीने ईरान के साथ सीजफायर बढ़ाने और नई न्यूक्लियर बातचीत शुरू करने के लिए एक मेमोरेंडम ऑफ अंडरस्टैंडिंग (MoU) पर साइन किए। उन्होंने नेतन्याहू से लेबनान में इजराइली मिलिट्री ऑपरेशन कम करने और दक्षिणी लेबनान से शुरुआती वापसी के लिए एक फ्रेमवर्क एग्रीमेंट का सपोर्ट करने की भी अपील की।
व्हाइट हाउस में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ होने वाली बैठक बेंजामिन नेतन्याहू के लिए राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण होगी। इसकी वजह यह है कि वे अक्टूबर में होने वाले इजराइल के चुनावों की तैयारी कर रहे हैं। मौजूदा जनमत सर्वेक्षणों में वह अपने प्रतिद्वंद्वियों से पीछे बताए जा रहे हैं।