scriptनवजोत सिद्धू ने अकाल तख्त से प्रकाश सिंह बादल व सुखवीर बादल को पंथ से निकालने की मांग की | sidhu demanded from akal takht to suspend prakash and sukhbir badal | Patrika News
अमृतसर

नवजोत सिद्धू ने अकाल तख्त से प्रकाश सिंह बादल व सुखवीर बादल को पंथ से निकालने की मांग की

पंजाब प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुनील जाखड़ भी सिद्धू के साथ पहुंच गए…

अमृतसरSep 15, 2018 / 01:48 pm

Prateek

(चंडीगढ): पंजाब के पर्यटन और संस्कृति मंत्री नवजोत सिद्धू ने शुक्रवार को अमृतसर में अकाल तख्त जत्थेदार ज्ञानी गुरबचन सिंह को पत्र सौपकर पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल और अकाली दल के अध्यक्ष सुखवीर बादल को सिख पंथ से निष्कासित करने की मांग की। निष्कासन की मांग के लिए सियासी उद्देश्यों से अकाल तख्त का दुरूपयोग करने एवं गुरूग्रंथ साहिब के अपमान की घटनाओं के विरोध में प्रदर्शन करते सिखों पर पुलिस फायरिंग के आदेश देने के आरोपों को आधार बनाया गया है। अकाल तख्त जत्थेदार ज्ञानी गुरबचन सिंह के मौजूद न होने से सिद्धू ने अपना पत्र अकाल तख्त के सचिवालय में जत्थेदार के सहायक को सौंपा। बाद में पंजाब प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुनील जाखड़ भी सिद्धू के साथ पहुंच गए।


पत्र में सिद्धू ने आरोप लगाया है कि प्रकाश सिंह बादल और सुखवीर बादल ने अकाल तख्त के वर्ष 2007 के हुक्मनामा का उल्लंघन करने के लिए डेरा सच्चा सौदा के साथ सांठगांठ कर ली। इस तरह अकाल तख्त का दुरूपयोग भी किया गया। सुखवीर बादल पर आरोप लगाया कि उन्होंने डेरा प्रमुख गुरमीत राम रहीम के प्रति नरम रूख अपनाया और धर्म अपराध के लिए डेरा प्रमुख के बायकाट के अकाल तख्त के हुक्म पर माफी देने का दबाव बनाया।


सिद्धू ने कहा कि उन्होंने सिखों की आवाज और भावनाओं को अकाल तख्त तक पहुंचाया है। गुरूग्रंथ साहिब के अपमान की घटनाओं, इनके विरोध में शातिपूर्ण प्रदर्शन करते सिखों पर पुलिस फायरिंग और डेरा प्रमुख को खुश करने के लिए अकाल तख्त की गरिमा घटाने से सिखों की भावनाएं आहत हुई हैं और सिखों की आवाज को मैंने अकाल तख्त तक पहुंचाया है। प्रकाश सिंह बादल और सुखवीर बादल ने वोटों के लिए ये सारे काम किए थे। डेरा प्रमुख को माफी देने के लिए तख्त जत्थेदारों को मुख्यमंत्री निवास पर बुलाने वाले ये बादल कौन होते है।


सिद्धू ने कहा कि मैंने सिख पंथ के हित में पिता-पुत्र दोनों के निष्कासन की मांग की है। उन्होंने कहा कि सुखवीर बादल ने डेरा प्रमुख के साथ करोडों का सौदा किया था। गुरमीत राम रहीम की फिल्म एमएसजी-2 के रिलीज होने से पहले माफी दिलाई गई। उधर पंजाब प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुनील जाखड ने कहा कि सिद्धू ने धार्मिक दण्ड की मांग की है। कांग्रेस द्वारा कानूनी कार्रवाई की मांग की जाएगी।

Home / Amritsar / नवजोत सिद्धू ने अकाल तख्त से प्रकाश सिंह बादल व सुखवीर बादल को पंथ से निकालने की मांग की

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो