scriptकेंद्रीय पर्यटन मंत्रालय 49.98 करोड़ की लागत से करेगी अमरकंटक का कायाकल्प | Union Tourism Ministry to rejuvenate Amarkantak at a cost of 49.98 cro | Patrika News
अनूपपुर

केंद्रीय पर्यटन मंत्रालय 49.98 करोड़ की लागत से करेगी अमरकंटक का कायाकल्प

सौंदर्यीकरण, संरक्षण एवं पर्यटन संवर्धन तीनों आयाम योजना में शामिल, दो वर्ष में पूरे होंगे विकास कार्य

अनूपपुरJan 15, 2021 / 11:29 am

Rajan Kumar Gupta

Union Tourism Ministry to rejuvenate Amarkantak at a cost of 49.98 cro

केंद्रीय पर्यटन मंत्रालय 49.98 करोड़ की लागत से करेगी अमरकंटक का कायाकल्प

अनूपपुर। नर्मदा उद्गम के साथ मां नर्मदा व शिव की मान्यताओं से बंधे पवित्र नगरी अमरकंटक को विश्व शिखर पर्यटक स्थल में शामिल करने भारत सरकार पर्यटन मंत्रालय ने मां नर्मदा एवं सोन नदी के उद्गम क्षेत्र तीर्थराज अमरकंटक के कायाकल्प के लिए ४९.९८ करोड़ की राशि स्वीकृत की है।। जिसमें दर्शनार्थियों की सुविधा एवं पर्यटन के विकास के लिए प्रसाद (तीर्थयात्रा कायाकल्प और आध्यात्मिक संवर्धन ड्राइव) योजना को शामिल किया है। योजनांतर्गत आकल्पित विकास कार्यों में क्षेत्र के सौंदर्यिकरण, संरक्षण, संवर्धन एवं पर्यटन विकास के कार्य सम्मिलत हैं। उल्लेखनीय है कि केंद्रीय पर्यटन मंत्री प्रह्लाद पटेल द्वारा पिछले वर्ष अमरकंटक में स्थानीय प्रशासन, साधु, संतो, जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक में क्षेत्र की क्षमतानुरूप समग्र विकास विभिन्न प्रयासों के सम्बंध में गहन विमर्श किया गया था। जिसके अनुक्रम में अमरकंटक के विकास के लिए वृहद कार्ययोजना तैयार की गई है। इन विकास कार्यों को 2 वर्ष की अवधि में अमलीजामा पहनाया जाएगा। इन कार्यों का क्रियान्वयन मप्र टूरिज्म बोर्ड द्वारा किया जाएगा। प्रमुख सचिव/ सचिव मप्र पर्यटन विभाग इन कार्यों के क्रियान्वयन एवं निगरानी के लिए नोडल अधिकारी रहेंगे।
बॉक्स: ये हैं प्रस्तावित कार्य कार्य
प्रसाद योजनांतर्गत मां नर्मदा उद्गम मंदिर में 4.12 करोड़ रुपए की लागत से सौंदर्यीकरण, संरक्षण एवं दर्शनार्थियों की सुविधा के लिए कार्य किए जाएंगे। कुुंड के जल शुद्धिकरण के लिए 38.23 लाख लागत का फिल्टर प्लांट एवं ग्रैविटी फिल्टर बेड, 12.11 लाख रुपए की सोलर पैनल इन्स्टालेशन का कार्य किया जाएगा। मां नर्मदा उद्गम मंदिर एवं पुरातत्व विभाग द्वारा संरक्षित कल्चुरी मंदिर परिसर में 1 करोड़ 62 लाख की लागत से मंदिर को मोनोक्रोमैटिक लाइटिंग की सुविधा बनाई जाएगी। परिक्रमा वासियों के लिए 55.33 लाख की लागत से किचन एवं भोजन परिसर व्यवस्था की जाएगी। इसके अतिरिक्त लैंडस्केपिंग, प्रवेश द्वार एवं परिसर के सौंदर्यिकरण के कार्य किए जाएंगे।
बॉक्स: 17 करोड़ 72 लाख की लागत से इन्द्रदमन ताल एवं दक्षिणी तट का सौंदर्यिकरण
इंद्रदमन ताल में 1 करोड़ 11 लाख की लागत से सौंदर्यिकरण का कार्य किया जाएगा। मां नर्मदा के उद्गम दक्षिणी तट में 16 करोड़ 11 लाख की लागत से लैंडस्केपिंग, उद्यान विकास, डेकोरेटिव पोस्ट लाइटिंग, चेन लिंक फेंसिंग, पाथवे, काव्र्ड स्टोरी पैनल, सीसीटीवी, जनसुविधाएं टॉयलेट ब्लॉक, कपड़े बदलने के लिए कीयोस्क, वाहन पार्किंग क्षेत्र, स्टोन बेंच का कार्य किया जाएगा। इन कार्यों में मां नर्मदा पर 7 करोड़ 81 लाख की लागत से पदयात्री पुल का निर्माण कार्य भी शामिल है।
बॉक्स: 8 करोड़ की लागत से मेला ग्राउन्ड का किया जाएगा विकास
धार्मिक तीर्थयात्रियों की बढ़ती हुई संख्या को देखते हुए विशाल कथा आयोजनों के लिए 1 करोड़ 32 लाख की लागत से 1290 वर्ग मीटर क्षेत्र में विशाल कथा मंडप विकसित किया जाएगा। इसके साथ ही आंतरिक पैदल पथ, हाई मास्ट एवं डेकोरेटिव लाइटिंग, फेंसिंग, उद्यान, प्रशासनिक भवन, सीसीटीवी, प्रवेश द्वार, जन सुविधाओं सहित कुल 7 करोड़ 99 लाख 81 हजार की लागत से विकास कार्य किए जाएंगे। जबकि आगंतुक पर्यटकों की सुविधा के लिए 2 करोड़ 14 लाख की लागत से अमरकंटक में टुरिस्ट फैसिलिटी सेंटर बनाया जाएगा। जिसमें ऑडीओ विजूअल हाल, लैंडस्केपिंग, डेकोरेटिव बेंच एवं आंतरिक रोड सहित अन्य सम्बंधित कार्य शामिल हैं।
बॉक्स: माई की बगिया, सोनमुड़ा एवं कपिलधारा भी बनेगा आकर्षक
अनूपपुर। माई की बगिया, सोनमुड़ा एवं कपिलधारा में 5 करोड़ 40 लाख रुपए की लागत से सौंदर्यीकृत कर आकर्षक बनाया जाएगा। इनमें स्थलों से सम्बंधित किवंदितियों को आकर्षक पैनल के माध्यम से प्रदर्शित करना, लैंडस्केपिंग, डेकोरेटिव लाइटिंग, स्टोन बेंच, सोलर पैनल, पाथवे, विश्राम गृह, पार्किंग क्षेत्र, पेय जल सुविधा एवं अन्य जन सुविधाएं शामिल हैं। सोनमुड़ा एवं कपिलधारा में पर्यटकों के आकर्षण के लिए 75 लाख रुपए की लागत से कैंटिलीवर ग्लास ब्रिज का कार्य किया जाएगा। इसके साथ ही अमरकंटक क्षेत्र में जनसुविधाओं, पैदल पथों, आंतरिक मार्गों, इनफॉर्मेशन साइनेज, बस स्टैंड में जन सुविधाओं के विकास सहित क्षेत्र के सौंदर्यिकरण का कार्य किया जाएगा।
बॉक्स: क्या है तीर्थयात्रा कायाकल्प और आध्यात्मिक संवर्धन ड्राइव
तीर्थयात्रा कायाकल्प और आध्यात्मिक संवर्धन ड्राइव (प्रसाद) एक राष्ट्रीय मिशन है, जिसे पर्यटन मंत्रालय द्वारा वर्ष 2014-15 में शुरू किया गया था। यह योजना धार्मिक पर्यटन अनुभव को समृद्ध करने के लिए देश भर के तीर्थ स्थलों की पहचान और विकास पर केंद्रित है। इसका मुख्य उद्देश्य पूर्ण धार्मिक पर्यटन अनुभव प्रदान कराना और साथ ही प्राथमिकता वाले और स्थायी तरीके से तीर्थ स्थलों का एकीकृत विकास करना है। प्रसाद योजना का उद्देश्य स्थायी रूप से पर्यटन आकर्षण,धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देना है ताकि रोजगार सृजन और आर्थिक विकास में इसका प्रत्यक्ष और बहुमुखी प्रभाव पड़े। इस प्रयास के माध्यम से स्थानीय कला, संस्कृति, हस्तकला, व्यंजन इत्यादि को बढ़ावा देने, धार्मिक स्थलों में विश्वस्तरीय बुनियादी ढांचा विकसित करने का कार्य किया जाता है। तीर्थस्थलों के विकास के लिए कम्युनिटी बेस्ड डेवलपमेंट और प्रो-पुअर-टूरिज्म कांसेप्ट की अवधारणा पर कार्य किए जाते हैं। लक्ष्यों में पब्लिक कैपिटल से लाभ प्राप्त करना,आय के स्रोतों में वृद्धि करना, समग्र विकास के लिए क्षेत्र में पर्यटन के महत्व के बारे में स्थानीय समुदायों के बीच जागरूकता पैदा करना शामिल है।
——————-

Home / Anuppur / केंद्रीय पर्यटन मंत्रालय 49.98 करोड़ की लागत से करेगी अमरकंटक का कायाकल्प

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो