scriptमहिलाओं को 50 फीसदी से ज्यादा आरक्षण, तीन जनपदों की भी कमान | 50 percent reservation for women, command of three districts | Patrika News
अशोकनगर

महिलाओं को 50 फीसदी से ज्यादा आरक्षण, तीन जनपदों की भी कमान

दावेदारों का बिगढ़ा गणित: जनपद व जिपं के वार्डों का हुआ आरक्षण, महिलाओं को मिले ज्यादा वार्ड। – चारों जनपद पंचायतों के 99 में से 54 वार्ड महिलाओं को हुए आरक्षित, पुरुष सिर्फ 45 पर ही लड़ सकेंगे चुनाव।

अशोकनगरJan 31, 2020 / 10:02 am

Arvind jain

जिपं के 12 में से आठ वार्ड महिलाओं को आरक्षित, तीन जनपदों में महिला अध्यक्ष

जिपं के 12 में से आठ वार्ड महिलाओं को आरक्षित, तीन जनपदों में महिला अध्यक्ष

 

अशोकनगर। जनपद व जिला पंचायत में इस बार महिला जनप्रतिनिधियों की संख्या ज्यादा रहेगी। कारण जिले में महिलाओं को 50 फीसदी से ज्यादा आरक्षण। चार में से तीन जनपदों की कमान महिलाओं के हाथ में रहेगी, तो वहीं जिला पंचायत के 12 में आठ वार्ड महिलाओं को आरक्षित होने से पुरुष सिर्फ चार वार्डों पर ही चुनाव लड़ सकेंगे। यानी जिला पंचायत में 6 6 फीसदी वार्ड महिलाओं के लिए आरक्षित हो गए हैं। जनपद पंचायतों के 99 में से 45 वार्डों पर ही पुरुष चुनाव लड़ सकेंगे।

 

महिलाओं के लिए आरक्षित
गुरुवार को जिला पंचायत कार्यालय में जनपद वार्ड, जनपद अध्यक्ष व जिपं वाडों के आरक्षण की प्रक्रिया की गई। जनपद अध्यक्ष पद के लिए अशोकनगर अजा महिला, ईसागढ़ ओबीसी महिला, मुंगावली अनारक्षित महिला और चंदेरी अनारक्षित है। चारों जनपद पंचायतों के 99 वार्डों में से 54 वार्ड इस बार महिलाओं के लिए आरक्षित हो गए हैं। जिसमें अशोकनगर व मुंगावली जनपद में महिलाओं को 14-14 वार्ड आरक्षित हैं और ईसागढ़ व चंदेरी में 13-13 वार्ड महिलाओं को आरक्षित है।


कारण: वर्ग के आधार पर बढ़ी महिलाओं की सीटें-
इस बार महिलाओं के लिए ज्यादा सीटें आरक्षित होने का कारण वर्गवार आरक्षण को बताया जा रहा है। अजा, अजजा, ओबीसी और अनारक्षित के लिए सीटों की संख्या निर्धारित की गई और प्रत्येक वर्ग में 50 फीसदी सीटें महिलाओं को आरक्षित की जाना थी। लेकिन अधिकारियों को डर था कि महिलाओं को आरक्षित सीटें 50 प्रतिशत से कम न रहें, इसलिए जिपं की 6 6 फीसदी से अधिक सीटें महिलाओं को आरक्षित कर दी गईं। वहीं इसी तरह से जनपद के वार्डों को आरक्षित किया गया।


गणित बिगढ़ा तो दावेदारों ने जताई आपत्ति, बहस भी-
वार्डों के आरक्षण से कई दावेदारों का गणित बिगढ़ गया, इससे दावेदारों ने अधिकारियों से आपत्ति जताई और जनपद पंचायतों के नए वार्ड को पहली बार में ही आरक्षित कर देने पर भी दावेदारों ने आपत्ति जताई। साथ ही अधिकारियों से उन्होंने बहस भी की।


भीड़ बढ़ी तो रोका तहसील का रास्ता-
आरक्षण प्रक्रिया के दौरान भीड़ बढऩे से पुलिस ने तहसील व एसडीएम कार्यालय को जाने वाले रास्ते पर बेरीकेट्स लगा दिए, ताकि अंदर वाहन न जा सकें। इससे सड़क के दोनों किनारों पर वाहनों की लाइन लगी रही और परिसर के बाहर भीड़ बढऩे से तहसील व एसडीएम कार्यालय जाने के लिए दूसरे रास्तों से होकर निकलना पड़ा।


जिला पंचायत के वार्डों की स्थिति-
वार्ड आरक्षण स्थिति
1 अजा महिला
2 अजा
3 अनारक्षित महिला
4 अजा महिला
5 ओबीसी महिला
6 अनारक्षित
7 अजजा महिला
8 अनारक्षित
9 ओबीसी महिला
10 अनारक्षित महिला
11 ओबीसी
12 अनारक्षित महिला

जनपद अध्यक्ष पद भी हुए आरक्षित-
जनपद आरक्षण स्थिति
अशोकनगर अजा महिला
ईसागढ़ ओबीसी महिला
चंदेरी अनारक्षित
मुंगावली अनारक्षित महिला

Home / Ashoknagar / महिलाओं को 50 फीसदी से ज्यादा आरक्षण, तीन जनपदों की भी कमान

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो