अशोकनगर

Crime News : पत्नी फोन पर करती थी बात, पति हाथ काटकर ले गया, घर में मची चीख-पुकार

Crime News: मिथिलेश के दो बेटे और दो बेटियां हैं। विवाह के बाद से सब ठीक चल रहा था, लेकिन……

अशोकनगरApr 12, 2024 / 09:59 am

Ashtha Awasthi

Crime News: पत्नी के फोन पर बात करने से चरित्र पर शक करने वाले पति ने जुल्म की इंतेहा कर दी। बुधवार रात दो बजे दिव्यांग पत्नी का हाथ काटकर घर से ले गया। शरीर के अन्य अंगों पर भी कुल्हाड़ी से प्रहार किया। पत्नी की चीख-पुकार कमरों में गूंजी तो बच्चे जाग गए। इसके बाद पति कटा हाथ लेकर भाग गया। घायल महिला का हॉस्पिटल में इलाज चल रहा है। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।

पुलिस ने बताया बरखेड़ी गांव की मिथिलेश बाई (35) की शादी 16 साल पहले कमल अहिरवार से हुई। फिलहाल परिवार अशोकनगर के जगदंबा कॉलोनी में रह रहा था। मिथिलेश के दो बेटे और दो बेटियां हैं। विवाह के बाद से सब ठीक चल रहा था, पर बीते कुछ माह से पति को उसके चरित्र पर शक होने लगा। वो कामकाज करके घर चलाती है। पति कमल के सामने अपने रिश्तेदारों से मोबाइल पर बात करती थी तब भी उसे शक होता था। इसी शक के चलते उसने हमला किया।

सोने का किया इंतजार

मिथिलेश ने पुलिस को बताया कि पति कमल पिछले कुछ दिनों से उस पर शक करने लगा। पति अकसर झगड़ा करता रहता था, लेकिन बुधवार को वह अच्छे से रहा। मेरी नींद जरा सी आहट में खुल जाया करती है, लेकिन कल रात ऐसा नहीं हुआ। लगता है उसने नींद की गोली खिला दी होगी। पति मेरे ऊपर बैठा और उसके दाहिने हाथ को पैर के नीचे दबाकर कुल्हाड़ी मार दी। इसके बाद दूसरा वार पैर पर किया। बचने का प्रयास किया तो पति कटा हुआ हाथ लेकर भाग गया।

एक हाथ से दिव्यांग है महिला

महिला ने बताया कि जब वह 11 साल की थी तब गिर गई थी। इससे उसका बायां हाथ फ्रैक्चर हो गया था। उस समय परिजन ने देसी उपचार करवाया। हाथ के चारों ओर लकड़ियां बांध दी थीं। ये हाथ सही होने की बजाय टेड़ा हो गया। तब से वह एक हाथ से सारा काम करती थी। महिला ने बताया कि वह कुछ घरों में साफ-सफाई का काम करके अपने 4 बच्चों का पेट पालती थी। कोरोनाकाल से पहले सभी गांव में रहते थे, जहां अक्सर विवाद होता था। विवाद से बचने के लिए जगदंबा कॉलोनी में प्लॉट खरीदकर घर बनाया है।

Hindi News / Ashoknagar / Crime News : पत्नी फोन पर करती थी बात, पति हाथ काटकर ले गया, घर में मची चीख-पुकार

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.