scriptपारा 42.8 डिग्री: सुबह 11 से शाम पांच बजे तक चलीं तेज गर्म हवाएं, सड़कों पर सन्नाटा | weather | Patrika News
अशोकनगर

पारा 42.8 डिग्री: सुबह 11 से शाम पांच बजे तक चलीं तेज गर्म हवाएं, सड़कों पर सन्नाटा

भीषण गर्मी: दोपहर में आसमान में छाए बादलों से रही भीषण गर्मी, कूलर-पंखों भी नहीं दे पाए राहत।

अशोकनगरApr 06, 2019 / 12:23 pm

Arvind jain

news

पारा 42.8 डिग्री: सुबह 11 से शाम पांच बजे तक चलीं तेज गर्म हवाएं, सड़कों पर सन्नाटा

अशोकनगर. राजस्थान से आने वाली गर्म हवाओं से क्षेत्र में लगातार पांच दिन से क्षेत्र में लू का दौर जारी है। साथ ही गर्मी का पारा भी रोजाना बढ़ रहा है, दोपहर के समय आसमान में हल्के बादल छा जाने से क्षेत्र में जहां भीषण गर्मी रही और कूलर-पंखे भी गर्मी से राहत नहीं दे पाए।

 

वहीं सुबह 11 बजे से शाम पांच बजे तक तेज गर्म हवाएं चलती रहीं। नतीजतन हमेशा व्यस्त रहने वाली सड़कों पर सन्नाटा छाया रहा और दोपहर के समय इक्का-दुक्का वाहन ही सड़कों से निकलते नजर आए तो वहीं दोपहर में करीब दो घंटे तक दोपहिया वाहन सड़कों पर नजर ही नहीं आए। मौसम विभाग ने क्षेत्र में गर्मी और बढऩे का अनुमान बताया है।


शुक्रवार को सुबह से ही मौसम में गर्मी का अहसास शुरू हो गया। सुबह 10 बजे पारा 34 डिग्री दर्ज किया गया, जो साढ़े चार घंटे बाद दोपहर ढ़ाई बजे करीब आठ डिग्री बढ़कर 42.8 डिग्री पर पहुंचा। वहीं शाम को पांच बजे पारा 40 डिग्री सेल्सियस रहा। न्यूनतम तापमान भी पिछले 24 घंटे में डेढ़ डिग्री बढ़कर 23.2 डिग्री पर पहुंचा, जो सामान्य से 3.4 डिग्री अधिक रहा। लोगों का कहना है कि पिछले वर्षों में जहां अप्रैल माह के अंतिम सप्ताह में गर्मी तेज होती थी, लेकिन इस बार पहले सप्ताह में भी भीषण गर्मी शुरू हो गई है।

चेतावनी: बच्चों-बुजुर्गों व मरीजों के लिए खतरनाक है यह हवा-
मौसम विभाग ने क्षेत्र में लू को देखते हुए लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। जिसमें लोगों को सूर्य की किरणों के संपर्क में आने से बचने, हल्के रंग के सूती कपड़े पहनने, सिर को कपड़े या टोपी से ढंककर रखने और पर्याप्त मात्रा में पानी का सेवन करने की सलाह दी है। साथ ही बताया है कि दिन और रात के समय चल रही यह गर्म हवा बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों के लिए खतरनाक है, इसलिए गर्म हवा से बचें।

दस साल में अप्रैल माह में सबसे अधिक तापमान-
दिनांक तापमान
30 अप्रैल 2018 43.6
22 अप्रैल 2017 43.6
30 अप्रैल 2016 42.9
20 अप्रैल 2015 42.9
30 अप्रैल 2014 42.5
30 अप्रैल 2013 41.9
27 अप्रैल 2012 41.5
4 अप्रैल 2012 41.5
30 अप्रैल 2011 42.2
18 अप्रैल 2010 45.8
30 अप्रैल 2009 44.8
(तापमान डिग्री सेल्सियस में, आंकड़े मौसम विभाग अनुसार।)

Home / Ashoknagar / पारा 42.8 डिग्री: सुबह 11 से शाम पांच बजे तक चलीं तेज गर्म हवाएं, सड़कों पर सन्नाटा

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो