
चीन में डिलीवरी बॉय के कोरोना पॉजिटिव होने पर मचा हड़कंप।
बीजिंग। चीन (China) में एक बार फिर से कोरोना वायरस (Coronavirus) ने वापसी की है। बीते दिनों राजधानी बीजिंग की एक मार्केट से कोरोना के कई मामले सामने आए हैं। इसके बाद मार्केट को पूरी तरह से सील कर दिया गया। 200 से अधिक मामले आने के बाद से चीन में अफरा-तफरी का माहौल है। वहीं एक अन्य मामले में एक लोकप्रिय फूड प्लेटफॉर्म के डिलीवरी बॉय (Delivery Boy) को कई लोगों को कोरोना संक्रमित करने का जिम्मेदार माना जा रहा है।
बीजिंग के स्वास्थ्य अधिकारियों के अनुसार, 47 वर्षीय डिलीवरी करने वाले एक शख्स ने इलाके में एक जून से लेकर 17 जून तक कई लोगों तक खाना पहुंचाया। इसमें कई जिले जैसे डैक्सिंग, फैंगशेन,फेंगताई आदि शामिल हैं। डिलीवरी बॉय का कोरोना टेस्ट पॉजिटिव पाया गया है। प्रशासन डिलीवरी बॉय की हिस्ट्री को चेक कर रही है। सामान पहुंचाने वाली जगहों पर कोरोना संक्रमितों की पहचान की जा रही है। इनके सैंपल लिए जा रहे हैं।
चीन की फूड डिलीवरी इंडस्ट्री में कोरोना वायरस का यह पहला मामला है। अधिकारियों के अनुसार बीते कुछ हफ्तों में शख्स ने रोजाना 50 ऑर्डर को डिलीवर किया था। गौरतलब है कि चीन के स्वास्थ्य विभाग के सामने मंगलवार को 29 नए मामले सामने आए हैं। इसमें से 13 मामले बीजिंग अकेले में पाए गए हैं। इसके अलावा 249 कोरोना संक्रमितों का इलाज जारी है। चीन के नेशनल हेल्थ कमिशन के अनुसार, 29 नए मामलों में सात बिना लक्षण वाले हैं। वहीं, सोमवार तक 99 बिना लक्षण वाले मरीजों की भी जांच की गई है। 11 जून से लेकर 22 जून तक, बीजिंग में कोरोना वायरस के 200 से अधिक मामले सामने आए हैं। सभी का अस्पताल में इलाज जारी है।
Updated on:
24 Jun 2020 10:12 am
Published on:
24 Jun 2020 09:56 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
