scriptएक साल से गायब हैं लड़कियां, कोर्ट के आदेश पर दर्ज हुई रिपोर्ट | Police filed FIR in girl kidnapping case Auraiya UP Hindi News | Patrika News
औरैया

एक साल से गायब हैं लड़कियां, कोर्ट के आदेश पर दर्ज हुई रिपोर्ट

पुलिस ने गायब युवतियों की तलाश शुरू कर दी है।

औरैयाSep 18, 2017 / 01:41 pm

नितिन श्रीवास्तव

Police filed FIR in girl kidnapping case Auraiya UP Hindi News

एक साल से गायब हैं लड़कियां, कोर्ट के आदेश पर दर्ज हुई रिपोर्ट

औरैया. दिबियापुर नगर के कैलाश बाग निवासी शख्स ने फिरोजाबाद और कन्नौज जिले के लोगों द्वारा उनकी दो पुत्रियों को गायब करने की रिपोर्ट दर्ज कराई है। यह रिपोर्ट न्यायालय के आदेश पर दर्ज कर ली गई है।
कैलाश बाग दिबियापुर निवासी श्याममुनि दीक्षित पुत्र गंगा नारायण दीक्षित ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि उसकी बड़ी पुत्री अमिता दीक्षित फिरोजाबाद स्थित सुमित्रादेवी महाविद्यालय से बीटीसी कर रही थी। अवधेश कुमार शर्मा निवासी हुमायुं नगर फिरोजाबाद के मकान में किराए पर रह रही थी। यह मकान भूपेंद्र शर्मा एवं उसकी पत्नी विभा शर्मा निवासी फिरोजाबाद द्वारा दिलाया गया था। इसी के चलते भूपेंद्र एवं उसकी पत्नी का अमिता के कमरे पर आना जाता था। उसके कमरे पर पीड़ित के साले प्रमोद कुमार त्रिपाठी पुत्र राजनारायण त्रिपाठी, उसकी पत्नी पूनम, उनके पुत्र राहुल एवं पारुल निवासीगण छिबरामऊ जिला कन्नौज का भी आना जाना रहता था। 8 मई 2016 को पीड़ित अपनी पुत्री अमिता से संपर्क करने का प्रयास किया। परंतु संपर्क नहीं हो पाया। मकान मालिक से संपर्क करने पर पता चला कि अमिता को भूपेंद्र शर्मा एवं उनकी पत्नी की मदद से उनके साले एवं उनका परिवार अपने साथ ले गया है। पता किया तो जानकारी हुई कि अमिता विपक्षीगणों के पास ही है। 23 जुलाई को सभी विपक्षीगण उसके घर आए और कहा कि हम लोग अमिता को लेकर बाहर घूमने जा रहे हैं। छोटी बहन आभा को भी उनके साथ भेज दो। एक सप्ताह बाद भी उनकी पुत्रियां वापस नहीं लौंटी तो विपक्षियों से पुत्रियों के बारे में पूछा। परंतु वह कोई सही जबाव नहीं दे पाए। विपक्षीगण अपने घरों से गायब थे। उन्होंने अंदेशा जताया कि पीड़ित की पुत्रियों के साथ कोई जघन्य वारदात को अंजाम दिया गया है।

दो बहनों के गायब होने के मामले में रिपोर्ट दर्ज

एक महिला ने अपनी विवाहित पुत्री और एक अविवाहित पुत्री के चार दिनों के अंतराल में गायब होने के मामले में पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस ने गायब युवतियों की तलाश शुरू कर दी है। इटावा में दो युवतियों की शवों की फोटो मंगाई गई है। रानी देवी पत्नी राजेंद्र सिंह निवासी पचा का पुर्वा ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि उसका पति हत्या के एक मामले में जेल में बंद है। उसकी बड़ी पुत्री रजनी की शादी ग्राम बिजौली लवेदी में हुई है। 4 सितंबर को उसकी पुत्री अपने मायके आई थी। 7 सितंबर को वह वापस जाने के लिए अकेली घर से निकली। परंतु अपनी ससुराल नहीं पहुंची। अभी वह अपनी 20 वर्षीय बड़ी बेटी की तलाश कर ही रही थी। इसी बीच 11 सितंबर को उसकी छोटी बेटी सपना चमरौआ स्थित अपनी ननिहाल से उस समय गायब हो गई, जब रानी देवी सिलाई करने के लिए गांव में ही गई थी। रानी देवी के अनुसार उसकी पुत्री का कड़ा एवं माला नाना अमर सिंह के घर के बाहर पड़े मिले। थाना पुलिस ने आईपीसी की धारा 363 में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। थाना दिबियापुर के प्रभारी निरीक्षक मदन गोपाल गुप्ता का कहना है कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। इटावा में मिले युवतियों के शवों की फोटो मंगाई गई है। इस बीच पता चला है कि गायब सपना की अपनी स्कूली सहेली से दो दिन पहले बात हुई थी। इस दिशा में भी पड़ताल की जा रही है।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो