आजमगढ़. बरदह थाना क्षेत्र अंतर्गत खरांट मोड़ के समीप गुरुवार की शाम अज्ञात वाहन की चपेट में आ जाने से साइकिल सवार 35 वर्षीय राजगीर की मौत हो गई। बरदह थाना क्षेत्र के बकेश गांव का रहने वाला मनोज (35) पुत्र मुसाफिर बनवासी पेशे से राजगीर था। गुरुवार की शाम वह अपना काम निपटा कर साइकिल से वापस घर लौट रहा था। रास्ते में खरांट मोड़ के पास अज्ञात वाहन की चपेट में आकर वह घायल हो गया। दुर्घटना की जानकारी पाकर मौके पर पहुंचे परिजनों ने स्थानीय लोगों की मदद से घायल मनोज को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। उपचाराधीन राजगीर ने देर रात करीब दो बजे दम तोड़ दिया। मृतक के एक पुत्री बताई गई है। हादसे में पति की मौत के बाद मृतक की पत्नी सरोजा देवी की हालत अर्ध विक्षिप्त जैसी हो गई है।
आजमगढ़. अज्ञात कारणों से जहर निगल कर अचेत हुए युवक को परिजनों ने गुरुवार की रात जिला अस्पताल में भर्ती कराया। उपचार के दौरान देररात उसने दम तोड़ दिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रौनापार थाना क्षेत्र के उरदिहां ग्राम निवासी बुद्धसागर पटेल का 30 वर्षीय पुत्र मुकेश गुरुवार की रात किसी बात से नाराज होकर विषाक्त पदार्थ निगल लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे निजी चिकित्सक के पास ले गए। चिकित्सक द्वारा रेफर कर दिए जाने पर युवक को अचेतावस्था में देर रात जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। ईलाज शुरू होने के कुछ ही देर बाद मुकेश ने दम तोड़ दिया। मृत युवक चार भाइयों में तीसरे नंबर पर और अभी अविवाहित था। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।