देउरपुर गांव के समीप गुरुवार की रात दो वाहनों की आमने-सामने हुई टक्कर में कार चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। मुबारकपुर थाना क्षेत्र के सुराईं ग्राम निवासी अमित (20) पुत्र ओमप्रकाश यादव अपनी कार लेकर गुरुवार को दिन में फैजाबाद जनपद गया था। घर वापसी के दौरान कप्तानगंज थाना क्षेत्र के देउरपुर गांव के समीप रात करीब दो बजे उसकी कार सामने से आ रहे बोलेरो से टकरा गई। इस दुर्घटना में जहां दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। वहीं कार चालक अमित यादव गंभीर रूप से घायल हो गये।
वहीं कप्तानगंज थाना क्षेत्र में बीते 25 फरवरी की रात अज्ञात वाहन की चपेट में आने से घायल किसान की गुरुवार की शाम ईलाज के दौरान मौत हो गई। अहरौला थाना क्षेत्र के कोठवा जलालपुर ग्राम निवासी 55 वर्षीय लालचंद यादव पुत्र स्व. भगवानदास बीते 25 फरवरी की रात बाइक से कप्तानगंज क्षेत्र में आयोजित वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। कप्तानगंज क्षेत्र के धर्मशाला पियरिया गांव के समीप अज्ञात वाहन की चपेट में आ जाने से बाइक सवार लालचंद गंभीर रूप से घायल हो गए। इलाज के लिए उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से गुरुवार की दोपहर उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां कुछ ही देर बाद उनकी मौत हो गई। मृतक के तीन पुत्र व दो पुत्री बताए जा रहे हैं।
BY- RANVIJAY SINGH