script24 घंटे के भीतर हुए सात हादसे, व्यवसायी समेत तीन की मौत, पांच घायल | three died and five injured in road accident azamgarh | Patrika News
आजमगढ़

24 घंटे के भीतर हुए सात हादसे, व्यवसायी समेत तीन की मौत, पांच घायल

जिला अस्पताल में चल रहा घायलों का उपचार

आजमगढ़Dec 06, 2019 / 06:10 pm

Ashish Shukla

road accident

जिला अस्पताल में चल रहा घायलों का उपचार

आजमगढ़. जनपद में 24 घंटे के भीतर सात स्थानों पर हुई दुर्घटनाओं में 18 वर्षीय मजदूर समेत तीन लोगों की मौत हो गई। जबकि 5 लोग घायल हो गए। सभी घायलों का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। तीनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं।
शहर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत बलरामपुर इलाके में गुरुवार की दोपहर प्रेशर ट्राली से गिट्टी गिराते समय दूसरे वाहन की चपेट में आने से घायल मजदूर की देर शाम इलाज के दौरान मौत हो गई। रानी की सराय थाना क्षेत्र के ऊंचागांव ग्राम निवासी 18 वर्षीय सूरज पुत्र अर्जुन राम सिधारी क्षेत्र में स्थित एक बिल्डिंग मैटेरियल की दुकान पर मजदूरी करता था। गुरुवार की दोपहर वह प्रेशर ट्राली पर गिट्टी लादकर बलरामपुर इलाके में गिराने आया था। ट्राली से गिट्टी गिराते समय एक अन्य ट्रैक्टर की चपेट में आ जाने से सूरज गंभीर रूप से घायल हो गया। इलाज के लिए उसे जिला अस्पताल लाया गया।
घायल की हालत गंभीर देख उसे रेफर कर दिए जाने पर बेहतर इलाज के लिए उसे शहर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां देर शाम उसकी मौत हो गई। मृतक तीन भाइयों में मंझला तथा उसकी एक बहन बताई गई है। इस घटना से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। इसी क्रम में कंधरापुर थाना क्षेत्र के सेंहदा गांव के समीप शुक्रवार की दोपहर ट्रक की चपेट में आ जाने से बाइक सवार किराना विक्रेता की मौत हो गई। इस हादसे में मृतक का ममेरा भाई घायल हो गया। तरवां थाना क्षेत्र के ऊंचहुआ ग्राम निवासी धर्मराज प्रजापति (40) पुत्र केदार परिवार की आजीविका चलाने के लिए किराने की दुकान करता था।
गुरुवार को वह अपने ममेरे भाई समेंद्र (45) के साथ बाइक से गोविंद साहब मेला गया हुआ था। शुक्रवार की दोपहर घर वापसी के दौरान सेंहदा गांव के पास ट्रक की चपेट में आ जाने से धर्मराज व समेन्द्र दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को जिला अस्पताल लाया जा रहा था कि रास्ते में ही धर्मराज ने दम तोड़ दिया। घायल समेन्द्र का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। मृतक के तीन पुत्री व एक पुत्र बताए गए हैं।
इसी क्रम में बिलरियागंज थाना क्षेत्र के शांतिपुर गांव के समीप बुधवार की दोपहर बाइक की चपेट में आने से घायल साइकिल सवार की शुक्रवार की दोपहर मौत हो गई। बिलरियागंज क्षेत्र के शांतिपुर ग्राम निवासी 62 वर्षीय दीपचंद्र गौड़ पुत्र स्व. द्वारिका बीते बुधवार को साइकिल से बाजार जा रहे थे। गांव के पास ही बाइक की चपेट में आ जाने से वह घायल हो गए। निजी अस्पताल में इलाज के दौरान शुक्रवार की दोपहर उनकी मौत हो गई। मृतक के तीन पुत्र व एक पुत्री बताए गए हैं।
वही कप्तानगंज थाना अंतर्गत कौड़िया बाजार के समीप गुरुवार की रात ट्रक की चपेट में आ जाने से बाइक सवार युवक घायल हो गया। जिला अस्पताल में उपचाराधीन धर्मेंद्र (35) पुत्र रामनारायण कप्तानगंज क्षेत्र के लहरपार गांव का निवासी है। दुर्घटना के वक्त वह बाइक से अपने घर लौट रहा था। इसी क्रम में अतरौलिया कस्बा स्थित सिनेमा हाल के समीप गुरुवार की दोपहर पुलिस की हंड्रेड डायल सेवा वाहन की चपेट में आ जाने से साइकिल सवार वृद्ध गंभीर रूप से घायल हो गया।
जिला अस्पताल में उपचाराधीन रामराज (60) पुत्र पुनवासी अतरौलिया क्षेत्र के सेनपुर गांव का निवासी बताया गया है। दुर्घटना के वक्त वह बाजार से साइकिल द्वारा अपने घर जा रहा था। वहीं मुबारकपुर थाना क्षेत्र के बनकट बाजार के समीप गुरुवार की दोपहर सड़क पर अचानक आए बंदर को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित होकर बाइक पलट गई। इस दुर्घटना में बाइक सवार सनी प्रजापति (19) पुत्र सुरेश गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक सिधारी थाना क्षेत्र के हुसैनगंज गांव का निवासी बताया गया है। दुर्घटना के वक्त वह जीयनपुर क्षेत्र के अजमतगढ़ बाजार में स्थित तिलक समारोह में शामिल होने जा रहा था।
एक अन्य समाचार के अनुसार शहर कोतवाली क्षेत्र के आहोपट्टी गांव के समीप गुरुवार की शाम चारपहिया वाहन की चपेट में आ जाने से बाइक सवार युवक घायल हो गया। घायल राजेश (24ल पुत्र डमरु स्थानीय सलेमपुर ग्राम का निवासी बताया गया है। दुर्घटना के वक्त वह बाजार से मजदूरी कर बाइक से अपने घर लौट रहा था।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो