scriptकिसान रतजगा कर, कर रहे फसल की रखवाली- | Farmers are starving, harvesting crops- | Patrika News
बालाघाट

किसान रतजगा कर, कर रहे फसल की रखवाली-

धान खरीदी शुरू केन्द्र में नहीं बारदाना

बालाघाटNov 17, 2018 / 01:04 pm

mukesh yadav

kisan news

किसान रतजगा कर, कर रहे फसल की रखवाली-

कटंगी। जिले में 15 नवबंर से समर्थन मूल्य पर खरीफ की फसल धान की खरीदी प्रांरभ हो चुकी है। इस कारण किसान अपनी उपज केन्द्र तक लाकर बेच रहे हैं। लेकिन अभी कई केन्द्रों में बारदाना नहीं पहुंचने के कारण किसानों को अपनी फसल की रात रात भर जाग कर रखवाली करनी पड़ रही है। दरअसल, विभागीय लापरवाही के चलते अब तक कई खरीदी केन्द्रों में बारदाना नहीं आया है। जानकारी अनुसार खरीदी केन्द्र कटेरा में पहले दिन कुछ किसानों ने धान लाई जिनका धान खरीद लिया गया। लेकिन बारदाने के अभाव में किसानों को ही धान की सुरक्षा की जिम्मेदारी सौंप दी गई। कृषक संजय सोनी ने बताया कि पहले ही दिन खरीदी केन्द्र में धान तुलाई के लिए लाया था, जिसकी अब तक तुलाई नहीं हो पाई है। पुरी रात खरीदी केन्द्र में ही बिताकर फसल की सुरक्षा करनी पड़ी है। शुक्रवार को भी धान की तुलाई नहीं हो पाई।
किसानों ने आरोप लगाया कि समर्थन मुल्य की खरीदी की विभाग ने पहले से ही कोई तैयारी नहीं की तथा आनन-फानन में खरीदी शुरू कर दी। किसानों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उल्लेखनीय है कि किसानों को उनकी उपज का सही मूल्य मिले इसके लिए धान खरीदी केन्द्र बनाकर उनके माध्यम से धान खरीदी का काम किया जा रहा है पर अब किसान उपज को बेचने के लिए जब खरीदी केन्द्रों तक पहुंचते हैं तो उन्हें मायूसी हाथ लगती है। उपज को लेकर उन्हें खरीदी केन्द्र के बाहर बारदाने के अभाव में मुंह ताकना पड़ रहा है। दरअसल क्षेत्र के करीब आधा दर्जन खरीदी केन्द्र में बारदाना उपलब्ध नहीं है। इस कारण किसानों को उपज बेचने के लिए पहले ही दिन संघर्ष करना पड़ा है। खरीदी केन्द्र कटेरा प्रभारी बसंत ठाकरे ने बताया कि बारदाने अब तक नहीं पहुंचे है। इस कारण धान को खरीदकर खुले में रखा जा रहा है।

Home / Balaghat / किसान रतजगा कर, कर रहे फसल की रखवाली-

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो