scriptधान की मिसाई का कार्य अधूरा, समर्थन मूल्य पर धान खरीदी आज से | Missai work incomplete, paddy purchased on support price from today | Patrika News
बालाघाट

धान की मिसाई का कार्य अधूरा, समर्थन मूल्य पर धान खरीदी आज से

116 केन्द्रों को मिली अनुमति, 32 केन्द्रों के अनुमोदन के लिए भेजा प्रस्तावधान उपार्जन के लिए 1 लाख 14 हजार किसानों का हुआ है पंजीयन

बालाघाटNov 27, 2022 / 10:11 pm

Bhaneshwar sakure

धान की मिसाई का कार्य अधूरा, समर्थन मूल्य पर धान खरीदी आज से

धान की मिसाई का कार्य अधूरा, समर्थन मूल्य पर धान खरीदी आज से

बालाघाट. जिले में समर्थन मूल्य पर किसानों से धान खरीदी का कार्य 28 नवम्बर से प्रारंभ हो जाएगा। धान खरीदी के लिए अभी तक 116 केन्द्रों का निर्धारण कर लिया गया है। 32 केन्द्रों के अनुमोदन के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा गया है। प्रशासन ने धान खरीदी के लिए 193 केन्द्र बनाए जाने का नियत किया हुआ है। इधर, धान उपार्जन के लिए जिले से 1 लाख 14 हजार किसानों ने अपना पंजीयन कराया है। हालांकि, अभी धान की मिसाई का कार्य पूरा नहीं हो पाया है। किसान धान की मिसाई के साथ-साथ रबी फसल की बोवनी में भी लगे हुए है।
जानकारी अनुसार जिले में 28 नवम्बर से पंजीकृत किसानों से समर्थन मूल्य पर धान की खरीदी प्रारंभ की जाएगी। इसके लिए प्रशासनिक रुप से तैयारियां की गई है। लेकिन ये तैयारियां आधी-अधूरी है। हालांकि, कलेक्टर ने हाल ही में धान उपार्जन की समीक्षा कर केन्द्रों में सत्यापित तौल कांटे, बारदाने, किसानों के बैठने के लिए छाया, पीने के लिए पानी की व्यवस्था करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए है।
जिले में बनाए गए सात चेकपोस्ट
जिले में समर्थन मूल्य पर बिकने के लिए अन्य प्रदेश की धान न आए इसके लिए सीमावर्ती क्षेत्र के सात स्थानों पर चेक पोस्ट बनाए गए है। जिसमें नहलेसरा, सालेटेकरी, रजेगांव, कंजई, गुडरू, कुल्पा, मोवाड़ शामिल है। इन चेक पोस्ट पर पटवारी, सहकारी समिति का एक कर्मचारी, संबंधित क्षेत्र की कृषि उपज मंडी का एक कर्मचारी, पुलिस का एक आरक्षक, वन विभाग का एक वन रक्षक 24 घंटे तैनात रहेगा। इन चेक पोस्ट पर कृषि उपज लेकर जिले में आने वाले वाहनों की सख्ती से जांच की जाएगी।
कलेक्टर ने कारंजा चेकपस्ट का किया निरीक्षण
कलेक्टर डॉ गिरीश कुमार मिश्रा ने 27 नवम्बर को लांजी तहसील के अंतर्गत सीमावर्ती ग्राम कारंजा में महाराष्ट्र से आने वाली धान को रोकने के लिए बनाए गए चेकपोस्ट का निरीक्षण किया। वहां की व्यवस्थाओं को देखा। इस दौरान उन्होंने कारंजा में आयोजित रक्तदान शिविर में रक्तदान भी किया। अन्य लोगों को रक्तदान करने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर लांजी एसडीएम ज्योति ठाकुर, तहसीलदार, सतीश चौधरी सहित अन्य मौजूद थे।
मजदूरों की कमी से मिसाई का कार्य पिछड़ा
जिले में धान की कटाई का कार्य 60 प्रतिशत से अधिक हो गया है। लेकिन मिसाई का कार्य अधूरा है। दरअसल, जिले में मजदूरों का टोटा है। कृषि कार्य के लिए किसान मिल नहीं पा रहे हैं। जिसके चलते किसान थ्रेसर मशीन के माध्यम से मिसाई का कार्य पूर्ण करने की कोशिश कर रहे हैं।
किसानों को कराना होगा स्लाट बुक
समर्थन मूल्य पर धान की बिक्री के लिए किसानों को स्लाट बुक कराना होगा। कोई भी किसान बगैर स्लाट बुक कराए धान की बिक्री नहीं कर पाएगा। किसान उपार्जन केन्द्र या एमपी ऑनलाइन कियोस्क या अपने एंड्रायड मोबाइल से किसान एप के माध्यम से स्लाट बुक करा सकते है। जिन किसानों का बैंक खाता उनके आधार नंबर से लिंक नहीं है, उन किसानों के आधार नंबर को उनके बैंक खाते से शीघ्र लिंक कराने के निर्देश दिए गए। किसानों से अपना आधार नंबर बैंक खाते से शीघ्र लिंक कराने की अपील की गई।
इनका कहना है
बैंक प्रशासक के मार्गदर्शन में जिले में 28 नवम्बर से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी प्रारंभ की जाएगी। 116 केन्द्र स्वीकृत हो गए है। 32 केन्द्रों को अनुमोदन के लिए प्रस्ताव भेजा गया है। किसानों से अपील है कि वे स्लाट बुक कराकर ही धान की बिक्री करने के लिए केन्द्र में पहुंचे। समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के लिए सभी केन्द्रों में माकूल व्यवस्था कर ली गई है।
-पी जोशी, प्रभारी सीईओ, जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक, बालाघाट

Home / Balaghat / धान की मिसाई का कार्य अधूरा, समर्थन मूल्य पर धान खरीदी आज से

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो