scriptनक्सलियों के निशाने पर मुखबिर, मुखबिरों को सुरक्षित कर रही पुलिस | Police informing informers on target of Maoists, protecting informers | Patrika News
बालाघाट

नक्सलियों के निशाने पर मुखबिर, मुखबिरों को सुरक्षित कर रही पुलिस

जब्त डायरी ने उगला राज, नक्सलियों का हिसाब-किताब आया सामने, मृत महिला नक्सली नंदे के शव को लेने अभी तक नहीं पहुंचे परिजन

बालाघाटJul 14, 2019 / 09:28 pm

Bhaneshwar sakure

balaghat

नक्सलियों के निशाने पर मुखबिर, मुखबिरों को सुरक्षित कर रही पुलिस

बालाघाट. लांजी थाना क्षेत्र के देवरबेली चौकी अंतर्गत पुजारीटोला में हुई नक्सली मुठभेड़ के बाद से मुखबिर नक्सलियों के निशाने पर आ गए हैं। पुलिस ने इन मुखबिरों को अज्ञात सुरक्षित स्थान पर रहने के लिए कह दिया है। वहीं अधिकांश मुखबिरों ने अपना ठिकाना ही बदल दिया है। वहीं दूसरी ओर मुठभेड़ में मारे गए नक्सलियों के पास जब्त डायरी ने अनेक राज उगल दिए है। इस डायरी में नक्सलियों के हिसाब-किताब से लेकर उनके दैनिक दिनचर्या की जानकारी का उल्लेख है। वहीं इस डायरी में नक्सलियों द्वारा दर्ज की गई अन्य जानकारियों को पुलिस सुरक्षा कारणों के चलते ओपन नहीं कर रही है।
जानकारी के अनुसार नक्सली मुठभेड़ में मारे गए एक पुरुष व एक महिला नक्सली के पास से पुलिस ने डायरी सहित अन्य सामग्री जब्त की थी। इस डायरी में नक्सलियों के अनेक राज छिपे हुए है। जिसमें उनकी कार्ययोजना से लेकर पैसे वसूली, उनकी दिनचर्या सहित अन्य चीजें शामिल है। पुलिस के हाथ लगी इस डायरी की गहनता से जांच की जा रही है। जिसमें पुलिस को चार से पांच संवेदनशील जानकारियां मिली है। जिसके आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है। हालांकि, पुलिस ने अभी इन जानकारियों को सार्वजनिक नहीं किया है। लेकिन माना जा रहा है कि इन जानकारियों के आधार पर संबंधितों पर कार्रवाई भी की जा सकती है। इधर, घटना के बाद से पुलिस लगातार सर्चिंग कर रही है। खासतौर पर सीमावर्ती क्षेत्रों में छग व महाराष्ट्र राज्य की पुलिस के साथ आपसी सामंजस्य स्थापित कर नक्सलियों के चिन्हित स्थानों पर दबिश दी जा रही है।
विदित हो कि लांजी थाना क्षेत्र के देवरबेली चौकी अंतर्गत पुजारी टोला में 9 जुलाई की रात्रि में करीब 11 बजे हुई पुलिस-नक्सली मुठभेड़ में दो नक्सली ढेर हो गए। जबकि करीब 8-10 नक्सली फरार हो गए। इन दोनों ही मृतक नक्सलियों के खिलाफ मप्र, छग और महाराष्ट्र राज्य में 14-14 लाख रुपए का इनाम था। जिसमें इन नक्सलियों में मप्र में 3-3, महाराष्ट्र राज्य में ६-६ और छत्तीसगढ़ राज्य में 5-5 लाख रुपए का इनाम शामिल है। पुलिस नक्सल मुठभेड़ में मारे गए पुरुष नक्सली की शिनाख्त अशोक उर्फ मंगेश (21) छग राज्य के राजनांदगांव जिले के बोरीतालाब निवासी और महिला नक्सली नंदे (19) बस्तर निवासी के रुप में की गई है। पुलिस ने मृतक नक्सली मंगेश के पास से एक एसएलआर रायफल, ३ मैगजीन ४९ राउंड, २ वायरलेस सेट, १ मोबाइल चार्जर, टार्च, कैलकुलेटर, पीठ्ठू बैग, १०७२० रुपए नगदी, २ डायरी जब्त किया। वहीं महिला नक्सली के पास से .३१५ बोर की रायफल, छाता, चाकू, सुई धागा, पेन व अन्य सामग्री जब्त किया। पुलिस ने इस घटना के बाद नक्सलियों के खिलाफ लांजी थाना में धारा ३०७, १२० बी, १४७, १४८, १४९ भादवि, २५, २७ आम्र्स एक्ट, विधि विरुद्ध क्रिया कलाप अधिनियम की धारा ११, १३ के तहत अपराध दर्ज कर मामले को जांच में लिया गया है।
दर्जनों मुखबिर आए निशाने पर
इस घटना के बाद से पुलिस को सूचना देने वाले दर्जनों मुखबिर नक्सलियों के निशाने पर आ गए हैं। अब ये मुखबिर अपनी जान बचाने के लिए अंडर ग्राउंड भी हो गए है। बताया गया है कि घटना के बाद से नक्सलियों ने मुखबिरों को टारगेट कर दिया है। जिसके चलते पुलिस भी सतर्क हो गई है। पुलिस ने भी मुखबिरों को सतर्क रहने की बात कही है।
पहरे में मृत महिला नक्सली नंदे का शव
मुठभेड़ में मारी गई महिला नक्सली नंदे का शव अब सुरक्षा के घेरे में है। जिला चिकित्सालय के शीतगृह में रखे गए शव की सुरक्षा एक-चार के गार्ड के साथ की जा रही है। इधर, नंदे के शव को लेने के लिए कोई भी परिजन नहीं पहुंचे हैं। लेकिन पुलिस ने मानवीयता को नाते मृत महिला नक्सली के शव को अभी तक शीतगृह में रखा है। एसपी अभिषेक तिवारी के अनुसार वैसे नियमानुसार तीन दिनों तक शव को ही रखा जाता है। लेकिन मानवीयता के नाते एक-दो दिन और उसके शव को रखा जाएगा। यदि नंदे के परिजन नहीं आते हैं तो उसका अंतिम संस्कार कर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि नंदे के शव को ले जाने के लिए छग राज्य के बस्तर की स्थानीय पुलिस के माध्यम से उन्हें सूचना भी दे दी गई है।
इनका कहना है
घटना के बाद से मुखबिरों को सतर्क रहने के लिए कह दिया गया है। मुठभेड़ में मारे गए नक्सलियों के पास जब्त डायरी की जांच की जा रही है। जांच में अभी तक डायरी में चार-पांच संवेदनशील जानकारियां मिली है। इसके अलावा डायरी में नक्सलियों की दैनिक दिनचर्या की जानकारी थी। मृत महिला नक्सली के शव को ले जाने के लिए उनके परिजनों को सूचना दे दी गई है।
-अभिषेक तिवारी, एसपी बालाघाट

Home / Balaghat / नक्सलियों के निशाने पर मुखबिर, मुखबिरों को सुरक्षित कर रही पुलिस

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो