scriptमजाक पर बिदकेे दुल्हे ने किया शादी से इनकार, फिर… | Boy refuse marriage on joke in Ballia | Patrika News
बलिया

मजाक पर बिदकेे दुल्हे ने किया शादी से इनकार, फिर…

पुलिस ने हस्तक्षेप कर करायी शादी, फरीदाबाद से आयी थी बारात

बलियाNov 26, 2017 / 09:49 pm

वाराणसी उत्तर प्रदेश

shadi

shadi

बलिया. शादियों में गाली और मण्डप में पहुंचने पर दूल्हे से मजाक को शुभ माना जाता है। बिना इन दोनों रस्मों के किसी शादी की कल्पना करना भी बेमानी है। यह सदियों से चली आ रही परम्परा का अंग है। राम चरितमानस में राम की बारात में भी गाली और महिलाओं द्वारा मजाक का प्रसंग मिलता है। लेकिन कभी कभी ऐसा भी होता है जब मजाक से दूल्हा बिदक जाये। जी हां, ऐसा ही कुछ हुआ बलिया में आयी एक बारात में।
मण्डप में पहुंचे दूल्हे से घराती पक्ष की महिलाओं ने मजाक क्या कर दिया वह ऐसा बिदक गया कि शादी करने से ही इनकार कर दिया। घराती पक्ष के लोगों ने खूब मान-मनौव्वल की, लेकिन दूल्हा अपनी जिद्द पर अड़ा रहा। थक-हारकर घरातियों ने पुलिस को सूचित किया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने हस्तक्षेप किया। तब जाकर सुबह पांच बजे शादी हो सकी। जानकारी के अनुसार बांसडीह के जयनगर निवासी मोती लाल की पुत्री शोभा की शादी वल्लभगढ़ फरीदाबाद (हरियाणा) के सेक्टर 28 निवासी मनोज कुमार पुत्र बृज बिहारी के साथ तय हुई थी। निर्धारित तिथि पर बारात भी आ गयी। शादी की रस्में बांसडीह स्थित अशोक वाटिका मंडपम में धूम-धाम से पूरी की जा रही थीं। मांगलिक कार्यक्रम के दौरान दूल्हा मण्डप में पहुंचा। परम्परा के अनुरुप कन्या पक्ष की महिलाओ ने उससे मजाक किया। दूल्हा मजाक से बिदक गया। दूल्हे को महिलाओं द्वारा किया गया मजाक इतना नागवार गुजरा, कि उसने शादी करने से ही इनकार कर दिया और मण्डप से निकल कर बाहर चला गया। घरातियों के साथ ही बाराती एवं नाते-रिश्तेदार सभी उसकी मान-मनौव्वल करने में जुट गये, लेकिन नतीजा सिफर ही रहा। वह शादी ना करने की जिद्द से टस से मस नहीं हुआ। अंत आपसी विमर्श के बाद कन्या पक्ष के लोगों ने पुलिस की सहायता लेना ही बेहतर समझा। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे पुलिस कर्मियों ने अपनी निगरानी में शादी की रस्म पूरी करवायी। क्षेत्र में यह शादी चर्चा का विषय बनी हुई है। हर तरफ लोग दूल्हे के कदम को सनकीपना बताते हुए ठहाके लगा रहे हैं, तो वहीं पुलिस की भूमिका की सराहना कर रहे हैं।

Home / Ballia / मजाक पर बिदकेे दुल्हे ने किया शादी से इनकार, फिर…

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो