शनिवार की आधी रात को हुई यह घटना रविवार की सुबह होते-होते पूरे जिले में फैल गयी। घटना से पुलिस भी हैरान है और महिला के घर वाले भी। पति यह बताने में असमर्थता जता रहा है कि उसकी बीवी ने ऐसा क्यों किया। उसका कहना है कि घर में उसकी मां के अलावा और कोई नहीं। मां भी चारपाई पर पड़ी रहती है न वह देख सकती है और न ही चल सकती है। घटना के वक्त पति बनारस बनारस गया हुआ था ऐसा उसने पुलिस को बताया है।
एसपी श्रीपर्णा गांगुली के मुताबिक रसड़ा पुलिस को रविवार की भोर 2.45 बजे खबर मिली कि कोई महिला सूरत मुजफ्फरपुर साप्ताहिक ट्रेन के सामने आकर कट गयी है। सूचना के बाद पुलिस ने जब मामले की छानबीन की तो पता चला कि मरने वाली एक विवाहिता है और वह रसड़ा के महतवार गांव की रहने वाली है। पुलिस को यह भी पता चला कि खुदकुशी के पहले महिला ने अपने पांच साल के बेटे विंध्याचल और तीन साल के कल्लू को भी मार दिया है। घटना के वक्त घर पर सिर्फ उसकी सास मौजूद थी।
खबर मिलने पर पति दिनेश पहुंचा तो वह भी घटना से हैरान था। वह बार-बार लगातार यही कहे जा रहा था कि उसे समझ में नहीं आ रहा कि वह क्यों मरी और उसने बच्चों को क्यों मार दिया। कुल मिलाकर यह मामला आत्महत्या का जरूर लग रहा है लेकिन पुलिस अब ये पता लगाने में जुटी है कि वाकई में ये खुदकुशी की घटना है या फिर कुछ और। यदि यह आत्महत्या थी तो आखिरकार इसके पीछे क्या कारण थे कि महिला ने अपने बच्चों को भी मार दिया।
By Satish Srivastava