scriptभाजपा को शिकस्त देने की ताकत ना कांग्रेस में बची है और ना नई पार्टी में | bjp ko sikast dene ki takat na cangres main bachi hai aur na new parti | Patrika News
बालोद

भाजपा को शिकस्त देने की ताकत ना कांग्रेस में बची है और ना नई पार्टी में

बालोद विधानसभा के प्रभारी राजनांदगांव सांसद अभिषेक सिंह ने कार्यकर्ताओं की बैठक में पकोड़ा पॉलीटिक्स पर कांग्रेस और जनता कांग्रेस को दिया करारा जवाब।

बालोदFeb 17, 2018 / 12:22 am

Satya Narayan Shukla

Political News
बालोद . विधानसभा बालोद के प्रभारी राजनांदगांव सांसद अभिषेक सिंह के प्रथम नगर आगमन पर हुई भाजपा कार्यकर्ताओं की बैठक में नगर में पकोड़े बेचने वालों का स्वागत किया। दूसरी ओर कांग्रेस के पकोड़ा पॉलीटिक्स पर उन्हें करारा जवाब दिया। सिंह ने कांग्रेस और जोगी कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। कहा भाजपा को सिकस्त देने की वास्तविक ताकत ना कांग्रेस में बची है और ना ही कांग्रेस से कटकर अलग हुई पार्टी में। इस दौरान मिनी माता चौक पर कार्यकर्ताओं ने उनका उत्साह के साथ स्वागत किया।
विचारधारा का करना है विस्तार
शुक्रवार को नगर के टाउन हॉल में भाजपा के विधानसभा स्तरीय बैठक में पहुंचे अभिषेक सिंह ने कहा कि भाजपा का उद्देश्य चुनाव जीतना ही नहीं विचारधारा का विस्तार, संगठन का विस्तार करना है। उन्होंने कहा कि अंत्योदय के स्वप्न को साकार करने भाजपा निरंतर लगी हुई है। उन्होंने कहा बालोद में वो मुख्यमंत्री के बेटे के तौर पर नहीं हैं, बल्कि भाजपा के एक कार्यकर्ता के नाते पार्टी के विस्तार के लिए आए हैं। कहा सभी कार्यकर्ता एक होकर कार्य करेंगे। संगठन का कार्य संगठन की मजबूती से और तेज होगा क्योंकि आज भाजपा को शिकस्त देने की वास्तविक ताकत ना कांग्रेस में बची है और ना ही कांग्रेस से कटकर अलग हुई पार्टी में।
स्मार्ट फोन वाले कार्यकर्ता करें तैयार
बैठक में सांसद अभिषेक ने कहा भाजपा आज विश्व की सबसे बड़ी व सबसे मजबूत लोकतान्त्रिक पार्टी है। हमें अब और मजबूत होना है। हर विधानसभा में जितने भी बूथ हैं वहां अभियान चलाकर और मजबूत करना है। ऐसे कार्यकर्ता को जोड़ो जिसके पास एनड्राइड मोबाइल हों ताकि व्हाट्सएप ग्रुप बनाकर और मजबूती के साथ काम करेंगे। कार्यकर्ताओं को चार्ज करते हुए सांसद ने कहा केंद्र व राज्य सरकार की उपलब्धि लोगों को बताएं।
कांग्रेस पर पलटवार, कोई भी रोजगार नहीं होता छोटा
प्रधानमंत्री द्वारा दिए गए पकोड़ा बेचने वाले लोगों पर बयान के विरोध में कांग्रेस के जगह-जगह प्रदर्शन पर कहा पकोड़ा बेचने वाले को खूब पहचान दिला दिए। मिनी माता चौक पर कार्यकर्ताओं ने सिंह का स्वागत किया तो पकोड़ा तलने वालों का अभिषेक ने सम्मान किया। कांग्रेस के प्रदर्शन का जवाब देते हुए कहा कोई भी रोजगार छोटा नहीं होता। इस दौरान कार्यक्रताओं ने पकोड़े की भी व्यवस्था की थी।
कांग्रेस का पलटवार : कहा सत्ता के नशे में चूर है भाजपा
इधर सांसद अभिषेक के बायान पर कॉंग्रेस जिला अध्यक्ष अभिषेक शुक्ला ने कहा भाजपा को चुनाव में हराने की ताकत किसकी है यह आने वाले चुनाव में जनता बताएगी। मुख्यमंत्री के बेटे अभी सत्ता के नशे में चूर हैं। उसे यह दिखाई नहीं देता कि कितने वादे भाजपा सरकार ने किसानों से किए हैं, कितने किसान आत्महत्या किए हैं, पर अब प्रदेश की जनता आगे आने वाले चुनाव में सबक सिखाएगी।
जनता कांग्रेस बोले : पहले राजनादगांव संभाले तब बात करे
सांसद अभिषेक सिंह के बयान के मामले पर जनता कांग्रेस विधायक राजेन्द्र राय ने कहा राजनांदगाव में जोगी कांग्रेस से पहले भाजपा निपटे तब बात करे। आने वाले चुनाव का इंतजार करें फिर पता चल जाएगा जनता किसे अपना बहुमत देगी।

Home / Balod / भाजपा को शिकस्त देने की ताकत ना कांग्रेस में बची है और ना नई पार्टी में

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो