बलरामपुर

युवा कांग्रेस के जिला महासचिव व दोस्त को ग्रामीणों ने बेदम पीटा, अंगूठा लगवाकर खाते से गायब करते थे रुपए, गए जेल

Brutally beaten: ग्रामीणों ने दोनों की बेदम पिटाई करने के बाद किया था पुलिस (Police) के हवाले, जांच में मामला (Swindle) सही पाए जाने पर पुलिस ने की कार्रवाई

बलरामपुरJan 30, 2021 / 08:32 pm

rampravesh vishwakarma

Accused in police custody

शंकरगढ़. लोगों से रकम ऐंठने कुछ लोग तरह-तरह के तरीके अपनाते हैं। सबसे ज्यादा मामले ऑनलाइन ठगी (Online swindle) के सामने आ रहे हैं, इसके बावजूद लोग ठगे जा रहे हैं। इसी कड़ी में शंकरगढ़ थाना क्षेत्र में युवा कांग्रेस के जिला महासचिव ने अपने एक साथी के साथ मिलकर ग्रामीणों के खाते से रुपए पार करना शुरु कर दिया।
एक महिला से उसने 10 हजार रुपए की ठगी (Swindle) की। 7 दिन बाद शुक्रवार को जब वह दोबारा दूसरी महिलाओं को ठगकर लौट रहा था तो महिला ने देख लिया। इसके बाद गांव वालों ने मिलकर उनकी बेदम पिटाई कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने जांच पश्चात शनिवार को दोनों को जेल भेज दिया है।

बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के शंकरगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम खरकोना के भीतरी कोना निवासी केहरी पैंकरा पति स्व. भीम पैंकरा 22 जनवरी को घर पर थी। इसी दौरान युवा कांग्रेस (Yuva congress) का जिला महासचिव ग्राम बेलसर, महुआडीह निवासी अखलाख अहमद अपने साथी कांग्रेस कार्यकर्ता राजेश नगेशिया उर्फ गुड्डू के साथ वहां पहुंचा।
अखलाख ने महिला से कहा कि वे दोनों बिना कमीशन लिए खाते से रुपया निकालते हैं। इसके बाद उन्होंने साथ रहे मशीन में महिला का अंगूठा लगवाया और 10 हजार रुपए निकाल लिए। जब महिला ने रुपए मांगे तो सर्वर खराब होने की बात कहकर उन्होंने रुपए देने से मना कर दिया और वहां से चले गए।
यह बात महिला ने गांव वालों को बताई थी। घटना के 6 दिन बाद 29 जनवरी को दोनों फिर उक्त गांव में पहुंचे और महिला चलनी बाई को ठगी का शिकार बनाया।

उन्होंने महिला से कहा कि वे यह चेक करने आए हैं कि उसका पीएम आवास एलॉट हुआ है या नहीं। इसके बाद उन्होंने महिला का अंगूठा लगवाया और उसके खाते से 500 रुपए पार कर दिया। ऐसा ही अन्य महिला के साथ भी किया।

लौटते समय महिला ने पहचान लिया
महिला से ठगी करने के बाद जब अखलाख अहमद व राजेश लौट रहे थे तो 22 जनवरी को ठगी गई महिला केहरी पैंकरा ने उन्हें देख लिया। इसके बाद गांव के युवाओं व अन्य ग्रामीणों ने उन्हें पकड़ लिया और पूछताछ की।
इस पर उन्होंने ठगी की बात स्वीकार कर ली। ठगी की बात स्वीकार करते ही ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ और उनकी लात-मुक्के से बेदम पिटाई कर दी। पिटाई के बाद उन्होंने दोनों को शंकरगढ़ थाने के सुपुर्द कर दिया।

पुलिस ने भेजा जेल, भाजपा ने की निंदा
ठगी का शिकार हुई महिलाओं की रिपोर्ट पर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 420 के तहत अपराध दर्ज किया। पुलिस ने शनिवार को दोनों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। इधर भाजपा मंडल शंकरगढ़ ने कांग्रेसी कार्यकर्ताओं के उक्त कृत्य की घोर निंदा की है।

Home / Balrampur / युवा कांग्रेस के जिला महासचिव व दोस्त को ग्रामीणों ने बेदम पीटा, अंगूठा लगवाकर खाते से गायब करते थे रुपए, गए जेल

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.