scriptमुख्यमंत्री व कांग्रेस नेताओं को हाई कोर्ट से नोटिस जारी | High court issues notice to CM and Congress leaders | Patrika News
बैंगलोर

मुख्यमंत्री व कांग्रेस नेताओं को हाई कोर्ट से नोटिस जारी

न्यायालय ने मुख्यमंत्री सिद्धरामय्या, कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस समिति के कार्यकारी अध्यक्ष दिनेश गुंडुराव, जल संसाधन मंत्री एम.बी.पाटिल को नोटिस थमाया

बैंगलोरMar 16, 2018 / 09:48 pm

शंकर शर्मा

Karnataka High Court

बेंगलूरु. पूर्व मुख्यमंत्री तथा प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष बी.एस. येड्डियूरप्पा की याचिका के आधार पर कर्नाटक उच्च न्यायालय ने मुख्यमंत्री सिद्धरामय्या, कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस समिति के कार्यकारी अध्यक्ष दिनेश गुंडुराव, जल संसाधन मंत्री एम.बी.पाटिल, विधान परिषद सदस्य वी.एस. उग्रप्पा को नोटिस थमाया है।

येड्डियूरप्पा ने याचिका में कहा है कि भ्रष्टाचार तथा डिनोटिफिकेशन को लेकर विभिन्न अदालतों में याचिकाओं की सुनवाई चल रही है। कई मामलों में अदालत ने उनको निर्दोष करार दिया है। इसके बावजूद मुख्यमंत्री तथा कांग्रेस के नेता सार्वजनिक सभाओं में उन पर जेल जाने वाले तथा भ्रष्ट जैसे पदों का उपयोग कर उनको अपमानित कर रहे हैं। इस पर रोक लगाने की मांग की है। उच्च न्यायालय ने मुख्यमंत्री समेत अन्य कांग्रेस नेताओं को नोटिस जारी करते हुए अपना पक्ष रखने को कहा है।


जनता चाहेगी तो चुनाव लड़ेंगे यतींद्र
सत्तारूढ़ कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं-मंत्रियों के बेटों को आगामी चुनाव में टिकट दिए जाने की अटकलों के बीच मुख्यमंत्री सिद्धरामय्या ने कहा है कि उनके बेटे यतींद्र ने अभी तक टिकट के लिए नहीं कहा है।
मुख्यमंत्री ने होसदुर्गा में गुरुवार को मीडिया से कहा कि उनके बेटे ने अभी तक टिकट देने को नहीं कहा है और इस मुद्दे पर कोई निर्णय भी नहीं हुआ है। लेकिन, उन्होंने यह भी कहा कि अगर जनता चाहेगी कि यतींद्र चुनाव लड़ें तो वह चुनाव लड़ेगा। मुख्यमंत्री से जब यह पूछा गया कि और भी नेताओं के बेटों को टिकट दिया जाएगा तो उन्होंने कहा कि यह आलाकमान को फैसला करना है।


दरअसल, इस बात की चर्चा गर्म है कि सिद्धरामय्या संभवत: आखिरी बार इस साल चुनाव लड़ेंगे और इसलिए अपने बेटे यतींद्र को राजनीति में लाना चाहते हैं। यतींद्र पेशे से डॉक्टर हैं और अपने बड़े भाई का जुलाई 2016 में निधन होने से पहले तक राजनीति से दूर थे। सिद्धरामय्या अपने विधानसभा क्षेत्र वरुणा से यतींद्र को चुनाव मैदान में उतारना चाहते हैं। यतींद्र अब अपने पिता के विधानसभा क्षेत्र में तमाम कार्यों को संभालते हैं।

वरुणा विधानसभा क्षेत्र का गठन परिसीमन के बाद वर्ष 2008 में हुआ और तब से सिद्धरामय्या वहां से चुनाव जीत रहे हैं, लेकिन अब उन्होंने अपने पुराने विधानसभा क्षेत्र चामुंडेश्वरी से चुनाव लडऩे की इच्छा जाहिर की है। वर्ष 1983 में लोकदल के टिकट पर चामुंडेश्वरी से राजनीतिक पारी का आगाज करने वाले सिद्धरामय्या यहां से 5 बार जीत और दो बार हार का स्वाद चख चुके हैं।

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो