scriptराज्यसभा चुनाव : देवगौड़ा को मिला कांग्रेस का साथ, कल भरेंगे नामांकन पत्र | Karnataka RS Poll : Devegowda may get congress support | Patrika News
बैंगलोर

राज्यसभा चुनाव : देवगौड़ा को मिला कांग्रेस का साथ, कल भरेंगे नामांकन पत्र

विधानसभा में संख्या बल के हिसाब से भाजपा दो सीटें जीतने की स्थिति में है जबकि कांग्रेस सिर्फ एक सीट जीत सकती है। लेकिन, जद-एस को अपने प्रत्याशी की जीत के लिए 11 अतिरिक्त मत चाहिए

बैंगलोरJun 08, 2020 / 02:22 am

Jeevendra Jha

devegowda.jpg
बेंगलूरु. राज्यसभा चुनाव को लेकर विपक्ष की रणनीति रविवार को साफ हो गई। कांग्रेस चुनाव में जद-एस का समर्थन करेगी। दोनों दलों के बीच चुनावी गठबंधन से विपक्ष के चार में से दो सीटें जीतने की संभावना बढ़ गई है। कांग्रेस ने पूर्व प्रधानमंत्री व जद-एस के राष्ट्रीय अध्यक्ष एचडी देवगौड़ा को चुनाव में समर्थन देने का भरोसा दिया है। कांग्रेस की कार्यकारी अध्यक्ष सोनिया गांधी ने देवगौड़ा को फोन भी किया। हालांकि, कांग्रेस आलकमान से सकारात्मक संदेश मिलने के बाद जद-एस ने रविवार शाम देवगौड़ा के मंगलवार को आखिरी दिन नामांकन पत्र दाखिल करने की घोषणा कर दी थी।

दरअसल, विधानसभा में तीसरी बड़ी पार्टी जद-एस के पास पर्याप्त संख्या में विधायक नहीं है। उसे एक सीट जीतने के लिए कांग्रेस या भाजपा का समर्थन चाहिए था। जद-एस के पास सिर्फ 34 विधायक हैं और उसे जीत के लिए कम से कम 11 और मतों की जरुरत थी। कांग्रेस के अतिरिक्त मत मिलने के भरोसे से अब देवगौड़ा के संसद पहुंचने का रास्ता आसान हो सकता है। कांग्रेस पहले ही पूर्व मंत्री एम मल्लिकार्जुन खरगे को उम्मीदवार घोषित कर चुकी है। खरगे पिछले लोकसभा चुनाव में हार गए थे।

जद-एस सूत्रों के मुताबिक कांग्रेस की कार्यकारी अध्यक्ष सोनिया गांधी ने रविवार रात करीब 8 बजे देवगौड़ा को फोन कर बात की और उनके राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन पत्र दाखिल करने के फैसले पर प्रसन्नता जताई। सियासी गलियारों में पहले से ही कांग्रेस और जद-एस के बीच राज्यसभा और विधान परिषद चुनावों के लिए गठबंधन की चर्चा थी। कांग्रेस आलाकमान ने पहले भी राज्यसभा चुनाव में देवगौड़ा को समर्थन देने का संकेत दिया था लेकिन पिछले लोकसभा चुनाव में तत्कालीन सत्तारुढ़ गठबंधन के प्रत्याशी होने के बावजूद तुमकूरु में करारी हार के कारण देवगौड़ा इस बार कोई जोखिम नहीं लेना चाहते थे।

बताया जाता है कि कांग्रेस आलाकमान से भरोसा मिलने के साथ ही प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डीके शिवकुमार और विधानसभा में विपक्ष के नेता सिद्धरामय्या के सहयोग के वादे के बाद ही देवगौड़ा ने नामांकन पत्र दाखिल करने का निर्णय लिया। इसके कुछ ही देर बाद सोनिया ने फोन कर स्थिति साफ कर दी। विधानसभा में 68 सदस्यीय कांग्रेस के पास 23 मत अतिरिक्त हैं और वह आसानी से जद-एस को मदद करने की स्थिति मेें है। पार्टी के एक वरिष्ठ नेता ने कहा कि खरगे को प्रथम वरीयता के 50 मत आवंटित करने के बाद भी पार्टी के पास अतिरिक्त 18 मत होंगे और जद-एस को जीत के लिए सिर्फ 11 मत चाहिए। पार्टी सूत्रों का कहना है कि राज्यसभा चुनाव में मदद के बदले जद-एस इसी महीने विधानसभा कोटे से होने वाले विधान परिषद के चुनाव मेें कांग्रेस को समर्थन देगी।

तीसरा उम्मीदवार नहीं उतारेगी भाजपा!
सत्तारुढ़ भाजपा के 117 विधायक हैं और वह दो सीटें आसानी से जीतने की स्थिति में है। प्रदेश भाजपा ने आलाकमान को तीन उम्मीदवारों के नाम भेजे हैं, जिनमें २५ जून को सेवानिवृत हो रहे प्रभाकर कोरे के अलावा प्रकाश शेट्टी और रमेश कत्ती के नाम हैं। कोरे चौथे बार टिकट चाहते हैं तो कत्ती पिछली लोकसभा चुनाव टिकट नहीं मिलने की भरपाई चाहते हैं। बीएस येडियूरप्पा सरकार में मंत्री नहीं बनाए जाने से कत्ती के बड़े भाई उमेश कत्ती नाराज चल रहे हैं। रमेश के नाम की सिफारिश के पीछे भी यही वजह बताई जा रही है। भाजपा के तीसरे उम्मीदवार को 28 मत जुटाने होंगे। विश्लेषकों कहना है कि देवगौड़ा को कांग्रेस का समर्थन मिलने के बाद अब ज्यादा संभावना है कि भाजपा दो ही उम्मीदवार उतारे। हालांकि, इससे भाजपा में आंतरिक घमासान बढ़ सकता है।

कामत हो सकते हैं छुपे रुस्तम
भाजपा खेमे में एक निजी बैंक के प्रमुख रहे केवी कामत का नाम भी चर्चा में है। हालांकि, प्रदेश की सूची में कामत का नाम नहीं है मगर भाजपा आलाकमान उन्हें टिकट दे सकता है। ब्रिक्स के न्यू डेवलमेंट बैंक के प्रमुख कामत को अगर टिकट मिला तो उन्हें केंद्रीय मंत्रिमंडल में भी जगह मिलने की संभावना रहेगी। भाजपा सोमवार को उम्मीदवारों की घोषणा कर सकती है।

Home / Bangalore / राज्यसभा चुनाव : देवगौड़ा को मिला कांग्रेस का साथ, कल भरेंगे नामांकन पत्र

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो